2 News : माधवन-नयनतारा-सिद्धार्थ की मूवी ‘टेस्ट’ का ट्रेलर रिलीज, ‘जाट’ के साथ इस फिल्म के लिए भी उत्साहित हैं सनी
साउथ इंडियन स्टार्स आर माधवन, नयनतारा और सिद्धार्थ स्टारर 'टेस्ट' फिल्म पिछले कई दिनों से चर्चाओं में है। मेकर्स ने आज मंगलवार...
Posts by : Rajesh Mathur |
Updated on: Tue, 25 Mar 2025 8:30:35
साउथ इंडियन स्टार्स आर माधवन, नयनतारा और सिद्धार्थ स्टारर 'टेस्ट' फिल्म पिछले कई दिनों से चर्चाओं में है। मेकर्स ने आज मंगलवार (25 मार्च) को ट्रेलर रिलीज कर दिया। फिल्म में सिद्धार्थ एक जुनूनी क्रिकेटर, नयनतारा प्यार और कर्तव्य के बीच फंसी एक टीचर और आर माधवन एक वैज्ञानिक की भूमिका में हैं जो सफलता की कगार पर है। यह 3 जिंदगियों, 3 संघर्षों और 1 अंतिम परीक्षा के बारे में है। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर ‘टेस्ट' का ट्रेलर रिलीज करते हुए लिखा, “टेस्ट का ट्रेलर अब आउट हो गया है। वे अपने सपनों के लिए कितनी दूर तक जाएंगे? यह तो टेस्ट ही बताएगा।
आर माधवन, नयनतारा और सिद्धार्थ अभिनीत टेस्ट देखें, जो 4 अप्रैल को तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में रिलीज़ होगी, सिर्फ़ नेटफ्लिक्स पर।” ट्रेलर में सरवनन (माधवन) और कुमुधा (नयनतारा) शादी और जिम्मेदारी के बीच बैलेंस बनाते हुए दिखे, जबकि अर्जुन (सिद्धार्थ) अपनी पत्नी पद्मा (मीरा जैस्मीन) के साथ करिअर और पर्सनल लाइफ के बीच की बारीक रेखा से स्ट्रगल करता रहता है। बता दें फिल्म के डायरेक्टर एस. शशिकांत हैं। फिल्म वाईनॉट स्टूडियो द्वारा निर्मित है।
माधवन ने अपने किरदार के बारे में कहा कि मेरा किरदार सरवनन एक वैज्ञानिक है, जो अपनी खोजों के लिए पूरी तरह समर्पित है। ठीक वैसे ही जैसे वह अपने काम में सच्चाई लाना चाहता है, मैं भी अपने रोल में वही कोशिश करता हूं। 'टेस्ट' फिल्म मेहनत, सपनों और अपनी पहचान को बचाने की कहानी है। शशिकांत मेरे दोस्त हैं और उनकी पहली फिल्म में काम करना मेरे लिए यादगार रहा। नेटफ्लिक्स के साथ मेरा अनुभव हमेशा अच्छा रहा है। मैं चाहता हूँ कि दर्शक इस फिल्म और सरवनन के किरदार को देखें और उससे जुड़ें।
‘जाट’ फिल्म के ट्रेलर रिलीज पर सनी देओल ने की ‘लाहौर 1947’ पर भी बात
सनी देओल की पिछली फिल्म साल 2023 में आई ‘गदर 2’ थी। अब वे ‘जाट’ फिल्म के लिए तैयार है। इसमें रणदीप हुड्डा, विनीत कुमार सिंह, सैयामी खेर और रेजिना कैसंड्रा भी हैं। गोपीचंद मालिनेनी के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बीच सनी अपनी एक और आगामी फिल्म ‘लाहौर 1947’ को लेकर उत्साहित नजर आए।
सनी ने ‘जाट’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में कहा कि मैं बड़ी फिल्में करने की उम्मीद कर रहा था और अब लाहौर 1947 के साथ यह सपना पूरा होने जा रहा है। फिल्म इसी साल रिलीज होने के लिए तैयार है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘लाहौर 1947’ के जरिए सनी, आमिर और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी पहली बार एक साथ आ रहे हैं। फिल्म के निर्माता आमिर हैं। साल 1947 में भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में सनी के साथ अभिनेत्री प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अभिमन्यु सिंह और अली फजल भी अहम भूमिकाओं में हैं।
सनी ने ‘जाट’ मूवी के लिए कहा कि इसकी यात्रा ‘गदर 2’ के दौरान शुरू हुई थी। हम सभी इसे लेकर बहुत उत्साहित थे, हम एक खूबसूरत फिल्म शुरू करने वाले थे और कई निर्देशकों के साथ सलाह लेने के बाद गोपी फिल्म करने के लिए सहमत हो गए। हम गोवा में मिले और उन्होंने कहा कि वे फिल्म का निर्देशन करेंगे।