एक्टर शरद केलकर की टीवी से लेकर हिंदी सिनेमा तक शानदार फैन फॉलोइंग है। वे लंबे समय से टीवी की दुनिया से दूर थे, लेकिन अब उनकी वापसी होने जा रही है। वे जीटीवी पर टेलीकास्ट होने वाले नए सीरियल ‘तुम से तुम तक में’ नजर आएंगे। इसमें निहारिका चौकसी फीमेल लीड के रूप में दिखेंगी। शो का प्रोमो रिलीज हो गया है। हालांकि यह प्रोमो सामने आते ही एक्टर सोशल मीडिया पर ट्रॉलिंग का शिकार हो गए। शो की कहानी फैंस को बिल्कुल नहीं जमी। प्रोमो में दिखाया गया है कि निहारिका 19 साल की हैं और उनकी मां उनकी शादी करवाना चाहती हैं, लेकिन वो अभी विवाह बंधन में नहीं बंधना चाहती हैं।
दूसरी ओर, शरद 46 साल के हैं और अमीर शख्स हैं लेकिन वो शादी नहीं करना चाहते हैं। शो में दिखाया जाएगा कि कैसे निहारिका और शरद के रास्ते मिलेंगे और वो एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाएंगे। यूजर्स को दोनों कलाकारों के बीच का एज गैप पसंद नहीं आ रहा है। वे इसकी आलोचना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “मतलब जब लड़का 21 का था तब लड़की पैदा हुई थी। सिंपल शब्दों में कहूं तो पापा बेटी। हद होती है कुछ भी बना रहे हैं लोग शो के नाम पर।” दूसरे यूजर ने लिखा, “सॉरी पर दोनों बाप-बेटी लग रहे हैं।”
ऐसे और भी कई कमेंट पास किए गए हैं। शरद एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं। शरद को टीवी पर ‘सात फेरे’, ‘सिंदूर तेरे नाम का’, ‘कुछ तो लोग कहेंगे’, ‘सलोनी’, ‘बैरी पिया’ जैसे शो से शौहरत मिलीं। उन्हें इसी साल गणतंत्र दिवस पर रिलीज हुई फिल्म ‘स्काई फोर्स’ में भी देखा गया था। वे ‘श्रीकांत’, ‘चोर निकलकर भागा’, ‘भेड़िया’, ‘भुज : द प्राइड ऑफ इंडिया’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। शरद डबिंग में भी माहिर हैं। वे अपनी आवाज से लोगों का दिल जीत लेते हैं।














