केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आवास समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीमों ने रायपुर और भिलाई में भूपेश बघेल के आवास के साथ-साथ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और उनके करीबी सहयोगियों विनोद वर्मा व देवेंद्र यादव के परिसरों पर भी दबिश दी। भूपेश बघेल की सरकार के दौरान शराब, कोयला और महादेव सट्टा ऐप से जुड़े कई घोटालों के आरोप लगे थे। हालांकि, सीबीआई ने आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि छापेमारी किस विशेष मामले में की जा रही है। इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 10 मार्च को इसी मामले में दुर्ग जिले में 14 स्थानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल के आवास पर भी कार्रवाई की गई थी।