सोनी टीवी का लोकप्रिय फैमिली कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा (TMKOC) 16 साल से भी ज्यादा समय से लोगों का मनोरंजन कर रहा है। यह शो एक तरह से घर के सदस्य जैसा हो गया है। लोग इसके बिना रह नहीं पाते और वे इसे देखे बिना बेचैन हो जाते हैं। शो की शुरुआत से अब तक इसके कुछ कलाकार दुनिया से विदाई ले चुके हैं तो कुछ ने शो भी छोड़ दिया। इसके बावजूद फैंस में इसका काफी क्रेज है। शो में ‘दयाबेन’ का किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस दिशा वकानी को इसे छोड़े कई साल हो गए हैं। दिशा के जाने के बाद किसी को भी दयाबेन के रोल के लिए नहीं चुना गया।
ऐसे में दर्शकों को हमेशा उनकी कमी महसूस होती रही है। पिछले साल से उनकी वापसी की चर्चाएं जोरों पर है। मेकर्स ने उनके लिए माहौल बनाया हुआ है। बार-बार लगता है कि ‘दयाबेन’ आने वाली हैं, लेकिन ऐसा होता नहीं है। अब लेटेस्ट रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि शो को नई ‘दयाबेन’ मिल गई है। इतना ही नहीं इस नई ‘दयाबेन’ ने शूटिंग भी शुरू कर दी है। कुछ महीने पहले शो के प्रोड्यूसर असित मोदी ने कंफर्म किया था कि अब दिशा शो में कभी नहीं लौटेंगी। अब खबर आई है कि नई ‘दयाबेन’ मिल गई है। असित ने दिशा का रिप्लेसमेंट ढूंढ लिया है।
'न्यूज18' की रिपोर्ट के मुताबिक एक सोर्स ने बताया कि ‘दयाबेन’ के रोल के लिए ऑडिशन ले रहे असित को आखिरकार कोई पसंद आ गया है। दया के किरदार के लिए एक एक्ट्रेस को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिसकी पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है। इतना ही नहीं टीम फिलहाल उनके साथ मॉक शूट भी कर रही है। असित को इस एक्ट्रेस का ‘दयाबेन’ के रोल में ऑडिशन काफी पसंद आया और वह इम्प्रैस हो गए। यह एक्ट्रेस एक हफ्ते से टीम के साथ शूट कर रही है।














