कोरोना वायरस (Coronavirus) के सबसे सटीक और विश्वसनीय आरटीपीसीआर टेस्ट (Real-time reverse transcription-polymerase chain reaction) को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने सस्ता करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए केजरीवाल ने सोमवार को संबंधित मंत्रालय और अधिकारियों से आरटीपीसीआर की जांच के दाम घटाने को कहा है। बताया जा रहा है कि सीएम केजरीवाल के निर्देश के बाद आरटी-पीसीआर टेस्ट की कीमत अब घटाकर 1200 से 1400 रुपये के बीच रखी जा सकती है। दिल्ली में कोरोना संक्रमण दोबारा तेज होने के बाद से ही केजरीवाल सरकार टेस्ट का दायरा बढ़ाने में जुटी है, ताकि संक्रमित व्यक्ति द्वारा दूसरों के बीच वायरस फैलाने के पहले ही उसे चिन्हित किया जा सके।
माना जा रहा है कि निजी अस्पतालों में आरटीपीसीआर टेस्ट की कीमत घटने से ज्यादा से ज्यादा लोग कोविड-19 की यह जांच कराने को प्रोत्साहित होंगे। वहीं, सरकारी अस्पतालों में तो कोरोना का आरटीपीसीआर टेस्ट निशुल्क किया जा रहा है।