कोरोना की रफ्तार, मुंबई में 10 हजार और दिल्ली में 5000 से ज्यादा केस

By: Pinki Tue, 06 Apr 2021 10:52:08

कोरोना की रफ्तार, मुंबई में 10 हजार और दिल्ली में 5000 से ज्यादा केस

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। बीते 24 घंटे के भीतर आर्थिक राजधानी मुंबई की बात करे तो यहां 10 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज मिले। वहीं, 31 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इसी के साथ मुंबई में कुल कोरोना मामलों की संख्या 4,72,332 हो गई है। मुंबई में कोरोना को रोकने के लिए राज्य सरकार की तरफ से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। टेस्टिंग की स्पीड बढ़ाने के साथ ही लोगों को कोरोना संबंधी नियमों के सख्त पालन की हिदायत दी गई है। सीएम उद्धव ठाकरे कह चुके हैं कि अगर यही हालत रही तो महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगाया जा सकता है।

वहीं, दिल्ली की बात करे तो यहां के हालात भी कुछ ठीक नहीं है। यहां, बीते 24 घंटे के भीतर नए मामलों की संख्या 5 हजार के पार पहुंच गई है। 2340 लोगों की रिकवरी हुई है और 17 की मौत हुई। राजधानी में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 6,85,062 हो चुकी है।

देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन (Dr Harsh Vardhan) ने 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में कोरोना से ठीक होने वालों की दर 92.38% चल रही है और बढ़ते मामलों के बाद भी मृत्यु दर 1.30% है। लेकिन कहीं कोई बड़ी चूक हो रही है जिसकी वजह से ये संक्रमण इतनी तेजी से फैल रहा है। बता दे, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब में कोरोना के 80% मामले UK वेरिएंट की वजह से सामने आए हैं। उन्होंने कहा, 'पंजाब में बड़े स्तर पर जिनोम सिक्वेंसिंग किया जा रहा है। इसके साथ ही पंजाब में बिग फैट वेडिंग और किसान आंदोलन की वजह से कोरोनावायरस के मामलों में वृद्धि हुई है। कुंभ एक सुपर स्प्रेडर की तरह इवेंट है, जिसकी वजह से भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं।'

उन्होंने कहा कि देश के 3 राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पंजाब के 50 जिलों में केंद्रीय टीमें भेजी जा रही हैं। केंद्रीय टीम तीन से चार दिनों तक वहां सर्वे करेंगी जिसके बाद वह अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेंगी।

डॉ हर्षवर्धन ने बैठक में कहा कि इस समय कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) है, जहां संक्रमण 8% की दर से बढ़ रहा है और पॉजिटिविटी रेट 20% तक पहुंच गया है। इसी के साथ राज्य में पॉजिटिव मामलों में 10 गुना वृद्धि हुई है।

इसी के साथ दिल्ली और राजस्थान में भी संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। उन्होंने बताया कि शादियों, स्थानीय निकाय चुनाव और किसान आंदोलन के चलते पॉजिटिव मामलों में बड़े पैमाने पर बढ़ोतरी हुई है।

आपको बता दे, कोरोना के फैलते संक्रमण को रोकने के लिए अरविंद केजरीवाल सरकार ने आज रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। साथ ही दिल्ली सरकार अब माइक्रो कंटेनमेंट जोन पॉलिसी पर काम कर रही है। इसके तहत उन इलाकों को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया जाता है जहां दो से तीन कोरोना संक्रमण के मामले सामने आते हैं। हालांकि, यह कंटेनमेंट जोन, माइक्रो कंटेनमेंट जोन से थोड़ा अलग होते हैं।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com