सोनी टीवी पर टेलीकास्ट होने वाले सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल-12 में शनिवार को एक्टर रणधीर कपूर गेस्ट जज के रूप में पहुंचे। इस दौरान कंटेस्टेंट पवनदीप राजन की प्रस्तुति पर रणधीर की आंखों में आंसू आ गए। पवनदीप ने राज कपूर की फिल्म मेरा नाम जोकर का गाना 'जीना यहां मरना यहां' गाया। तब बैकग्राउंड में रणधीर, राजीव व ऋषि और उनके पिता राज कपूर की तस्वीरें फ्लैश हुईं। ये देख 74 वर्षीय रणधीर भावुक हो गए।
उन्होंने कहा कि इससे यादें ताजा हो गईं और इन तस्वीरों ने मुझे मेरे उन भाइयों की याद दिला दी जो हाल ही में हमें छोड़कर चले गए। वे जहां भी हैं, मुझे आशा है कि खुश और सुरक्षित हैं। शुक्रिया पवन ये श्रद्धांजलि देने के लिए। उल्लेखनीय है कि पिछले साल कैंसर से जूझ रहे ऋषि कपूर का निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के कुछ समय बाद ही राजीव कपूर ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया था।














