भारत में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 20 लाख के पार, मौत का आंकड़ा 53 हजार के करीब; अब तक 27.66 लाख संक्रमित

By: Pinki Wed, 19 Aug 2020 09:33:00

भारत में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 20 लाख के पार, मौत का आंकड़ा 53 हजार के करीब; अब तक 27.66 लाख संक्रमित

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 27 लाख 66 हजार 626 हो गई है। ठीक हुए मरीजों का आंकड़ा भी 20 लाख के पार हो गया। मंगलवार को रिकॉर्ड 60 हजार 455 संक्रमित ठीक हुए। यह कुल मरीजों का 73% है। उधर, मंगलवार को 65 हजार 24 मामले सामने आए। वहीं, पूरी दुनिया की बात करे तो इस महामारी से अभी तक 2.21 करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 7.9 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा तबाही अमेरिका, ब्राजील और तीसरे नंबर पर भारत में हुई है। अमेरिका में 5,481,557 लोग और ब्राजील में 3,407,354 लोग इस महामारी के चपेट में आ चुके है। अमेरिका में 1.71 लाख संक्रमितों की जान गई है और ब्राजील में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख को पार कर गया है।

मंगलवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 11 हजार 119 केस की पुष्टि हुई। आंध्रप्रदेश दूसरे नंबर पर रहा। यहां 9 हजार 652 मामले सामने आए। देश में एक्टिव केस की तुलना में स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या तीन गुना हो गई। लॉकडाउन- 3 में यानी 1 मई को 11 हजार 707 एक्टिव केस थे तो स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 29 हजार 453 थी। अब एक्टिव केस 6 लाख 76 हजार 387 है तो ठीक हुए मरीजों की संख्या 20 लाख 36 हजार 703 हो गई है।

दुनिया में कहीं भी हर्ड इम्यूनिटी की स्थिति नहीं

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने मंगलवार को कहा कि फिलहाल दुनिया के किसी देश में भी कोरोना संक्रमण (Coronavirus) के खिलाफ हर्ड इम्यूनिटी (Herd immunity) उत्पन्न नहीं हुई है। WHO ने उन देशों के दावे को सिरे से खारिज कर दिया जो कि कोरोना (Covid-19) के घटते मामलों के मद्देनज़र अपने यहां लोगों में हर्ड इम्यूनिटी (सामूहिक रोग प्रतिरोधक क्षमता) पैदा होने का दावा कर रहे थे। संगठन से स्पष्ट कर दिया कि हालत अब भी बुरे हैं और कोई भी देश ऐसा नहीं, जहां हर्ड इम्यूनिटी उत्पन्न होने जैसी स्थिति नज़र आई हो। इसके आलावा WHO ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि 20 से लेकर 40 साल के युवा कोरोना का संक्रमण दुनिया भर में फैला रहे हैं, उन्हें सतर्कता बरतने की जरूरत है।

गोवा में दो विधायकों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से एक विधायक पूर्व मंत्री हैं। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुदीन धावलिकर और भाजपा विधायक नीलकांत हलार्नकर के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

महाराष्ट्र में 11,119 नए मामले

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 11 हजार 119 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 6,15,477 हो गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के 422 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 20,687 तक पहुंच गई है। अधिकारी ने बताया कि 9 हजार 356 रोगियों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 4,37,870 हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब भी 1,56,608 लोग वायरस से संक्रमित हैं। मुंबई के धारावी में मंगलवार को 4 संक्रमित मिले। अब यहां 2 हजार 676 मरीज हो गए हैं। पिछले 15 दिनों से इस इलाके में रोजाना 10 से कम मरीज सामने आ रहे हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अफसर ने बताया कि 2 हजार 333 मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 84 ऐक्टिव केस हैं।

राजस्थान में लगातार तीसरे दिन 1300 से ज्यादा केस

राजस्थान में लगातार तीसरे दिन 1 हजार 300 से ज्यादा केस मिले। मंगलवार को रिकॉर्ड 1 हजार 347 केस और 11 मौतें हुईं। जयपुर में पहली बार 247 रोगी मिले। मृतकों में जयपुर-बीकानेर के 3-3, बाड़मेर के 2, अजमेर, टोंक और गंगानगर का 1-1 रोगी था। बीते 24 घंटे में 1 हजार 306 रोगी रिकवर भी हुए, 1 हजार 469 को डिस्चार्ज किया गया।

हिमाचल में CM के सुरक्षाकर्मी, ड्राइवर समेत 61 लोग संक्रमित

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कोरोना के 61 नए मरीज सामने आए जिनमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 12 सुरक्षाकर्मी और एक चालक तथा एक भाजपा विधायक भी शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 4 हजार 236 हो गई और मृतकों की संख्या 18 तक पहुंच गई। सोलन के विधायक परमजीत सिंह पम्मी मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 12 सुरक्षाकर्मी और एक चालक कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। राज्य में अब तक 2 हजार 923 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 1 हजार 253 लोगों का इलाज चल रहा है।

बिहार में पोस्ट कोविड ट्रीटमेंट की व्यवस्था विशेष तौर पर पटना एम्स में होगी। अभी कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। पर पोस्ट कोविड ट्रीटमेंट भी शुरू होगा। क्योंकि, कोरोना से ठीक होने के बाद कुछ ऐसी बीमारियां मरीज को परेशान करने लगती हैं, जिसके लिए इलाज की जरूरत होती है। खासकर कोरोना के उन ठीक हुए मरीजों को परेशानी होती है जिनको इलाज के दौरान ऑक्सीजन या वेंटिलेटर रहना पड़ा था।

बंगाल में 3,175 नए केस

पश्चिम बंगाल में मंगलवार को कोविड-19 के 3 हजार 175 नए मामले सामने आए। यह राज्य में किसी एक दिन का सर्वोच्च स्तर है। राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,22,753 हो गई। राज्य में इस बीमारी के कारण 55 और मरीजों की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 2 हजार 528 हो गई। इस बीच राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 2 हजार 987 मरीज बीमारी से उबर गए। इससे राज्य में स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर सुधरकर 75.51% हो गई। राज्य में अभी 27 हजार 535 लोग वायरस से संक्रमित हैं।

दिल्ली में पुलिसकर्मियों ने डोनेट किया प्लाज्मा

दिल्ली में डयूटी के दौरान कोरोना वायरस की चपेट में आए पुलिस के जवान स्वस्थ होकर बाकी लोगों की जान बचाने के लिए आगे आ रहे हैं। मंगलवार को करीब 150 पुलिसकर्मियों ने प्लाज्मा डोनेट करने के लिए LNJP अस्पताल में रजिस्ट्रेशन कराया। ये सभी पुलिस कर्मी दोबारा ड्यूटी पर लौट चुके हैं, इनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। LNJP अस्पताल में जुलाई के महीने में प्लाज्मा बैंक की शुरुआत हुई थी। इसके लिए अलग वॉर्ड तैयार किया गया है।

यूपी विधानसभा के 20 कर्मचारी संक्रमित

राज्य में एक महीने से रोजाना 4 हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं। मंगलवार को 4218 मामले सामने आए हैं। उधर, अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में टेस्टिंग को बढ़ाने को कहा है। राज्य में रोजाना 75 से 80 हजार रैपिड एंटीजन टेस्ट और 40 से 50 हजार आरटी-पीसीआर टेस्ट किए जाएं। इस तरह लगभग 1 लाख 25 हजार टेस्ट रोजाना हो सकते हैं।

वहीं, यूपी विधानसभा के मॉनसून सत्र के पहले लखनऊ में कैंप लगाकर सभी विधायकों का कोरोना टेस्ट किया गया। इससे पहले विधानसभा के स्टाफ का भी टेस्ट किया गया जिसमें 20 कर्मचारी संक्रमित पाए गए। कल से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में कोरोना के चलते कई नए नियम बनाए गए हैं। विधानसभा कैंटीन में खाने के लिए एक साथ 10 लोग ही बैठ सकेंगे। दर्शक दीर्घा में पत्रकारों समेत बाहरी लोगों को पास नहीं मिलेगा। मीडिया कवरेज के लिए भी सीमित पास ही जारी होंगे।

पुणे में सर्वे से हड़कंप

महाराष्ट्र के पुणे में एक सिरो सर्वे में पता चला है कि शहर में 51 प्रतिशत लोगों में कोरोना के खिलाफ लड़ने की शक्ति पैदा हो गई है यानी उनके शरीर में एंटीबॉडी विकसित हो गई है। दरअसल, पांच संस्थाओं ने मिलकर पिछले दिनों सर्वे किया। इसमें 1664 लोगों के खून के नमूने लिए गए। नतीजे में पाया गया कि पुणे के 51% लोगों में कोरोना के खिलाफ लड़ने के लिए एंटीबॉडी विकसित हो गई है। सर्वे करने वाली 5 संस्थाओं में सावित्रीबाई फुले पुणे विद्यापीठ, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च, ट्रांसलेशनल हेल्थ साइंसेस एंड टेक्नालॉजी शामिल हैं। इन संस्थाओं ने पुणे नगर निगम की इजाजत मिलने के बाद सर्वे किया। बता दे, सिरो सर्वे में इंसान के ब्लड लेकर एंटीबॉडी की जांच की जाती है। अगर किसी व्यक्ति को कोरोना संक्रमण हुआ होगा तो उसके शरीर में एंटीबाडी मिलती है। इससे ये भी पता चलता है कि जिनमें एंटीबॉडी विकसित हो चुकी है उन्हें कभी न कभी कोरोना हो चुका है। पुणे में हुए सिरो सर्वे में पता चला है कि झुग्गियों में 62% लोगो में एंटीबॉडी मिली। फ्लैट्स में रहने वालों में इसका प्रतिशत 52.6% है। बंगला में रहने वालों में यह 43.9% है जबकि अपार्टमेंट रहने वालों में 33.2% एंटीबॉडी मिली।

नाव बनी एंबुलेंस

केरल में बाढ़ की आफत के बीच कोरोना से जंग भी पूरी ताकत से लड़ी जा रही है। बाढ़ के दौरान बचाव और रेस्क्यू के लिए लगाई नावों को प्रशासन ने वॉटर एंबुलेंस में तब्दील कर दिया है। दरअसल दूर दराज के कई इलाकों का अभी भी शहरों और मुख्यालयों से संपर्क कटा है। ऐसे में ये नावें मरीजों को अस्पताल और आइसोलेशन सेंटर तक लाने में काफी मददगार हैं।

वैष्णोदेवी में कोरोना ने रखे कदम

वैष्णोदेवी यात्रा में शामिल होने वालों पर कोरोना वायरस की मार पड़ने का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि 24 घंटों के भीतर वैष्णोदेवी भवन में और 22 पुजारी, श्राइन बोर्ड कर्मचारी व पुलिस के जवान कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद हड़कम्प मचा हुआ है। पर बावजूद इसके श्राइन बोर्ड 16 अगस्त से आरंभ हुई यात्रा को रोकने के पक्ष में नहीं है, जिसके प्रति एक सचाई यह भी है कि मात्र 2000 श्रद्धालुओं के लिए वह प्रतिदिन सैकड़ों की जान सांसत में डाल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वैष्णोदेवी भवन में 24 घंटों में 22 नए कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। इन नए मामलों में तीन पुजारी, चार पुलिस जवान और माता वैष्णोदेवी श्राइन बोर्ड के कर्मचारी शामिल हैं। रविवार को भी 20 मामले सामने आए थे। कुल मिलाकर 100 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com