दिल्ली के मेहरौली में श्रद्धा वालकर की हत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी है। दिल्ली पुलिस को अब तक न ही श्रद्धा के सिर का टुकड़ा नहीं मिल पाया है और न ही वह हथियार बरामद हुआ है, जिसके जरिए कातिल ने श्रद्धा को मौत के घाट उतारा था और उसके शव के 35 टुकड़े किए थे। आरोपी आफताब से सच उगलवाने के लिए पुलिस अब पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट का सहारा ले रही है। वहीं, इस बीच श्रद्धा वालकर हत्याकांड को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। श्रद्धा मर्डर केस पर अमित शाह ने कहा कि जिसने भी श्रद्धा वालकर की हत्या की है, उसे सख्त सजा मिलेगी। आरोपी आफताब 4 दिनों की पुलिस रिमांड में है, उसके बाद पुलिस कस्टडी की मियाद पूरी हो जाएगी।
![श्रद्धा हत्याकांड: आफताब का नार्को टेस्ट आज संभव नहीं, अमित शाह बोले - हत्यारे को सख्त सजा मिलेगी shraddha murder case,amit shah,aaftab narco test]()
एक निजी चैनल से बातचीत में श्रद्धा हत्याकांड से जुड़े सवाल के जवाब में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस, अभियोजन यह सुनिश्चित करेगा कि जिसने भी श्रद्धा वालकर की हत्या की है, उसे कम से कम समय में सख्त सजा मिले। बता दें कि 18 मई को श्रद्धा वालकर की हत्या कर दी गई थी, जिसका आरोप उसके लिव-इन-पार्टनर आफताब पूनावाला पर है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आफताब ने कथित तौर पर अपनी लिव-इन-पार्टनर की गला दबाकर हत्या की थी और उसके शव के 35 टुकड़े किए थे।
उधर, श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला का नार्को टेस्ट गुरुवार को भी संभव नहीं लग रहा है। आफताब को सर्दी-बुखार है और इसके बुधवार को उसका पॉलीग्राफ टेस्ट पूरा नहीं हो पाया है। पॉलीग्राफ टेस्ट में देरी का मतलब यह है कि नार्को टेस्ट गुरुवार को नहीं हो सकता है। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के अफसर ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि पॉलीग्राफ टेस्ट तभी जारी रह सकता है, जब आफताब की तबीयत सही हो। हालांकि, आफताब को महरौली पुलिस स्टेशन से सीधे रोहिणी की FSL ले जाया गया है। पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रोसेस एक बार फिर शुरू कर दी गई है।