मुंबई: क्रिकेटर श्रेयस अय्यर इन दिनों मैदान के साथ-साथ टीवी पर भी चर्चा में हैं। रोहित शर्मा के नए शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ के लेटेस्ट एपिसोड में श्रेयस अय्यर मेहमान बनकर पहुंचे। शो के दौरान एक फैन ने उनसे उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर सवाल पूछा। इसके बाद रोहित शर्मा ने भी श्रेयस से उनके रिलेशनशिप स्टेटस पर सवाल कर दिया। दोनों के बीच हुई मजेदार बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
फैन ने पूछा- इतने हैंडसम होकर भी सिंगल कैसे?
शो में एक फैन ने श्रेयस अय्यर से पूछा कि वह इतने हैंडसम हैं, फिर भी सिंगल कैसे हैं। सवाल सुनने के बाद रोहित शर्मा ने भी श्रेयस की टांग खींचते हुए पूछा कि क्या वह वाकई सिंगल हैं।
इस पर श्रेयस ने बिना देर किए रोहित को ही उनकी कही हुई बात याद दिला दी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि रोहित ने ही उनसे कहा था कि सिंगल रहोगे तो खुश रहोगे।
श्रेयस के जवाब पर हंस पड़े रोहित
श्रेयस अय्यर का जवाब सुनकर रोहित शर्मा अपनी हंसी नहीं रोक पाए। इसके बाद उन्होंने मजाक में कहा कि उनके तो दो बच्चे हैं और वह खुश हैं।
दोनों क्रिकेटरों की यह बातचीत काफी हल्के-फुल्के अंदाज में हुई। शो में क्रिकेट से जुड़े किस्सों के अलावा दोनों के बीच दोस्ताना मजाक भी देखने को मिला।
रितिका सजदेह का रिएक्शन भी आया सामने
श्रेयस के जवाब के दौरान रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह का रिएक्शन भी कैमरे में कैद हुआ। वह इस बातचीत पर हंसती हुई नजर आईं। वीडियो क्लिप सामने आने के बाद रितिका का रिएक्शन भी चर्चा में आ गया।
रोहित शर्मा का नया टीवी शो
‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में रोहित क्रिकेट से अलग एक नए अंदाज में नजर आ रहे हैं। शो में क्रिकेटर्स और अन्य सेलिब्रिटीज के साथ बातचीत, गेम्स और मनोरंजन का हिस्सा देखने को मिल रहा है। शो के पहले एपिसोड में श्रेयस अय्यर के अलावा शार्दुल ठाकुर, अभिषेक नायर और अभिनेता कुणाल खेमू भी नजर आए।













