बॉलीवुड की मल्टीस्टारर फिल्म हाउसफुल 5 का गाना ‘लाल परी’ इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, लेकिन इसी लोकप्रियता के बीच अब यह गाना विवादों में घिर गया है। मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संदीप ब्राह्मण ने अपने डांस मूव्स की नकल करने का गंभीर आरोप लगाया है। संदीप का दावा है कि उनके सिग्नेचर स्टेप्स को बिना अनुमति और क्रेडिट दिए सीधे गाने में इस्तेमाल किया गया है।
क्या है आरोप?
संदीप ब्राह्मण, जिनके इंस्टाग्राम पर 25 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, ने एक वीडियो के जरिए कहा, “आप सभी ने मेरे सिग्नेचर डांस मूव्स देखे हैं। ‘हाउसफुल 5’ के गाने लाल परी में वही स्टेप्स हूबहू दिखाए गए हैं। मेरे दोस्तों ने मुझे ये वीडियो भेजा और जब मैंने यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर चेक किया, तो कहीं भी मुझे क्रेडिट नहीं दिया गया है।”
संदीप ने अपने फॉलोअर्स से इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें सपोर्ट की जरूरत है और यह गलत परंपरा अब रुकनी चाहिए।














