‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी अब ओटीटी से निकलकर बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। 4 सितंबर 2026 को रिलीज होने वाली ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की प्रक्रिया पूरी कर ली है। फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट दिया गया है और इसकी अवधि 197 मिनट यानी 3 घंटे 17 मिनट तय की गई है।
फिल्म की रिलीज से पहले इसके कुछ संवादों और दृश्यों में बदलाव किए गए हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मुख्य कहानी में किसी बड़े कट की बात नहीं है। CBFC की रिवाइजिंग कमेटी की समीक्षा के बाद कुछ आपत्तिजनक शब्दों और संवादों में संशोधन के निर्देश दिए गए हैं।
गालियों और संवादों में किए गए बदलाव
सेंसर प्रक्रिया के दौरान फिल्म में चार जगहों पर अपशब्दों को म्यूट करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा छह स्थानों पर आपत्तिजनक शब्दों को बदलने को कहा गया है। कुछ संवादों में भी संशोधन हुआ है।
फिल्म के संवाद में इस्तेमाल किए गए ‘गले से लग गर’ जैसे वाक्यांश में बदलाव किया गया है। इसके अलावा पहले हिस्से में एक शब्द को ‘कमर’ से बदलने और दूसरे हिस्से में ‘लंठ’ शब्द हटाने का निर्देश दिया गया। जाति से जुड़े एक संदर्भ में भी बदलाव करने को कहा गया है।
इंटीमेट सीन में भी बदलाव
CBFC ने फिल्म के कुछ इंटीमेट और संवेदनशील दृश्यों को भी मॉडिफाई करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड के निर्देश के अनुसार इन दृश्यों के दृश्य और ऑडियो प्रभाव को 50 फीसदी तक कम किया जाना है।
ये बदलाव इंटरवल से पहले और बाद के दो अलग-अलग दृश्यों में किए गए हैं। इसके चलते करीब 35 सेकंड के इंटीमेट कंटेंट में कटौती की गई है।
हिंसक दृश्यों पर नहीं लगा कट
फिल्म में गाली-गलौज और इंटीमेट कंटेंट को लेकर बदलाव किए गए हैं, लेकिन हिंसक या खूनी दृश्यों पर सेंसर बोर्ड ने कटौती नहीं की है। इससे फिल्म के डार्क और थ्रिलर अंदाज को बरकरार रखने की बात सामने आई है।
पंकज त्रिपाठी ने बताया कैसा होगा थिएटर अनुभव
‘कालीन भैया’ की भूमिका निभाने वाले पंकज त्रिपाठी फिल्म को सिनेमाघरों में देखने के अनुभव को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि किसी कला को अकेले देखने और लोगों के समूह के साथ देखने का असर अलग होता है।
उनके मुताबिक, अब तक ‘मिर्जापुर’ को लोग अकेले में देखते थे, लेकिन फिल्म के सिनेमाघरों में आने के बाद इसे सामूहिक तौर पर देखने का अनुभव मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया और किरदार वही रहेंगे, लेकिन कहानी नई होगी और इसका कैनवास बड़ा होगा।
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है। इसे अमेजॉन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, श्रिया पिलगांवकर, जितेंद्र कुमार, रवि किशन और अभिषेक बनर्जी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।













