हिप इंजरी के चलते एक्टिंग से ब्रेक लेने वाली रश्मिका मंदाना ने अब काम पर वापसी को लेकर अपडेट दिया है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए बताया कि वह जल्द ही काम पर लौटने वाली हैं। हालांकि, इस दौरान घर पर परिवार और करीबियों के साथ बिताया समय उन्हें काफी याद आएगा।
रश्मिका को ‘मैसा’ के एक डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान हिप में चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने कुछ समय के लिए काम से दूरी बनाई और घर पर रहते हुए रिकवरी पर ध्यान दिया। करीब एक महीने पहले अपनी चोट के बारे में जानकारी देने के बाद अब एक्ट्रेस ने पहली बार काम पर लौटने की बात साझा की है।
घर पर ऐसे वक्त बिता रही थीं रश्मिका
रश्मिका मंदाना ने अपने हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट में रिकवरी के दौरान बिताए दिनों की झलक दिखाई। शेयर किए गए फोटो और वीडियो में वह घर पर अलग-अलग गतिविधियों में समय बिताती नजर आईं।
पोस्ट में रश्मिका को पूजा करते, अपने पालतू कुत्ते के साथ समय बिताते और पिक्चर पज़ल हल करते देखा जा सकता है। इसके अलावा वह गार्डन में समय बिताते हुए आराम करती भी नजर आईं। इन तस्वीरों के जरिए उन्होंने घर पर बिताए अपने समय की झलक फैंस के साथ साझा की।
वीडियो और तस्वीरों के कैरोसेल के साथ रश्मिका ने बताया कि वह जल्द काम पर वापस लौटेंगी। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “मैं जल्द ही काम पर वापस लौट रही हूं और मुझे निश्चित रूप से यह सब याद आएगा!”
‘मैसा’ की शूटिंग के दौरान लगी थी चोट
रश्मिका मंदाना को ‘मैसा’ की शूटिंग के दौरान हिप इंजरी हुई थी। चोट के बाद उन्हें काम से ब्रेक लेना पड़ा। अब रिकवरी के बाद वह दोबारा अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स की ओर लौटने की तैयारी कर रही हैं।
‘मैसा’ एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी गोंड जनजाति की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में रश्मिका एक गोंड महिला की मुख्य भूमिका निभा रही हैं। यह किरदार उनके पहले निभाए गए रोल्स से अलग बताया गया है।
‘रणबाली’ में विजय देवरकोंडा के साथ आएंगी नजर
रश्मिका की आने वाली फिल्मों में ‘रणबाली’ भी शामिल है। इस फिल्म में वह विजय देवरकोंडा के साथ नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृतियन कर रहे हैं।
‘रणबाली’ ब्रिटिश राज के दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित तेलुगु पीरियड ड्रामा है। फिल्म की कहानी भारतीय इतिहास के कम चर्चित अध्यायों से प्रेरित एक काल्पनिक कथा है। फिल्म की रिलीज डेट 11 सितंबर बताई गई है।
चोट लगने से पहले रश्मिका इन फिल्मों समेत कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही थीं। अब एक्ट्रेस के नए अपडेट के बाद उनके फैंस को उनके दोबारा शूटिंग पर लौटने का इंतजार है।













