बिहार से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पूर्णिया जिले के कस्बा थाना के मोहिनी आदिवासी टोला में दो महिला और एक नाबालिग लड़की को डायन बताकर लोगों ने रात पर पीटा। इतने से भी मन नहीं भरा तो तीनों को मैला घोलकर पिला दिया। यह घटना शनिवार की ही बताई जाती है। सामाजिक दबाव के कारण सोमवार को पीड़िता ने कस्बा थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत की। आरोप है कि 10-12 लोगों ने मिलकर तीनों को अपने घर में बांध दिया और रात भर उनकी पिटाई की। इसके बाद सुबह में जबरन नाबालिग बच्ची समेत तीनों महिलाओं को मैला घोलकर पिला दिया।
पीड़िता की मानें तो उनके फुफेरे भाई की नवविवाहिता पत्नी बीमार हुई थी। वो लोग जब उसे देखने के लिए उनके घर गए तो महिला और उनके परिजनों ने उन पर डायन होने का आरोप लगाया और कहा इन्हीं लोगों ने जादू टोना कर महिला को बीमार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत के बाद थाना से पुलिस गांव पहुंची और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि इस बाबत कस्बा थाना में कांड संख्या 115/21 के तहत डायन बिसाही एक्ट समेत कई धाराओं में 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है बाकि के लोग घटना के बाद से फरार है। आरोपी पक्ष का कहना है कि पीड़ित महिलाओं ने ही उनकी बहू को जादू टोना से बीमार कर दिया जिस कारण लोगों ने पकड़ कर उसके साथ मारपीट की।