सलमान खान की फिल्म 'जय हो' में काम कर चुकीं एक्ट्रेस सना खान इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। सना की मां ने दुनिया को अलविदा कह दिया। इसकी जानकारी हिना ने खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दी है। सना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “मेरी प्यारी अम्मी, मिसेज सईदा कई दिनों तक खराब स्वास्थ्य स्थिति से जूझने के बाद अल्लाह के पास वापस लौट गई हैं। नमाज-ए-जनाजा ओशिवारा कब्रिस्तान में 09:45 बजे अदा की जाएगी। मेरी मां के लिए आपकी दुआएं मददगार होंगी..’’ सना को चाहने वाले फैंस उन्हें इस दुख की घड़ी में सांत्वना देकर हौसला रखने को कह रहे हैं। जहां तक सना की बात है तो उन्होंने सलमान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ से खूब सुर्खियां बटोरी थी।
सना का जन्म 1987 में मुंबई के मलयाली मुस्लिम परिवार में हुआ था। सना ने मुंबई से पढ़ाई पूरी करने के बाद मॉडलिंग करना शुरू कर दिया और फिर ऐड के जरिए एक्टिंग करिअर की शुरुआत की। इसके बाद उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। उन्होंने एडल्ट फिल्म 'ये है हाई सोसाइटी' से डेब्यू किया। वहीं हिंदी फिल्मों में कुछ खास पॉपुलैरिटी न मिलने के बाद उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में काम किया। इसके बाद वो 'जय हो', अक्षय कुमार की 'टॉयलेट-एक प्रेम कथा' जैसी फिल्मों में नजर आईं।
वह ‘बिग बॉस 6’, 'झलक दिखला जा 7', 'खतरों के खिलाड़ी 6', 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ', 'एंटरटेनमेंट की रात', 'किचन चैम्पियन' जैसे रियलिटी शो में दिखाई दीं। हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का ऐलान किया और फिर साल 2020 में मौलाना मुफ्ती अनस सईद से गुपचुप निकाह कर लिया। इस शादी से सना के 2 बच्चे हैं। सना भले ही ग्लैमर वर्ल्ड को अलविदा कह चुकी हो, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ जुड़ी रहती हैं। वह फेमस स्टार्स के साथ पॉडकास्ट भी करती हैं। सना के इंस्टाग्राम पर 6 मिलियन से ज्यादा फॉलोवर्स हैं।














