संजय दत्त और अरशद वारसी की जोड़ी राजकुमार हिरानी की सुपरहिट फ्रैंचाइजी ‘मुन्ना भाई’ में नजर आई थी। 2003 में रिलीज हुई फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ और 2006 में आई फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ ने ऑडियंस का भरपूर मनोरंजन किया था। सुपरहिट फ्रैंचाइजी ‘मुन्ना भाई’ की इस जोड़ी के फैन्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जल्द ही ऑडियंस को ‘मुन्ना’ और ‘सर्किट’ की यह जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आएगी।
फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने इंस्टाग्राम पर अरशद वारसी और संजय दत्त की अपकमिंग फिल्म का एक पोस्टर शेयर कर ये खुशखबरी दी है। इस पोस्टर में ‘मुन्ना’ और ‘सर्किट’ दोनों ही कैदी के कपड़ों में जेल में बंद नजर आ रहे हैं। इस फिल्म के टाइटल की घोषणा हालाकि अभी तक नहीं की गई है। इस अनटाइटल्ड फिल्म को संजय दत्त प्रोड्यूस करने वाले हैं और इसका निर्देशन सिद्धांत सचदेव करेंगे। ये फिल्म 2023 में रिलीज होगी। बता दें कि ये दोनों कलाकार साल 2007 में फिल्म ‘धमाल’ में नजर आए थे। ऐसे में करीब 16 साल बाद दोनों एक बार फिर स्क्रीन शेयर करेंगे।