घाटे में चल रही एयर इंडिया ने सीनियर सिटीजंस को टिकट में 50% छूट देने का ऐलान किया है। देश में 60 साल से ज्यादा उम्र वाले लोगों को यह डिस्काउंट मिलेगा। विमानन मंत्रालय द्वारा इस बारे में बुधवार को जानकारी साझा की गई है। हालाकि, इसके लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। जैसे जिस दिन यात्रा करनी हो, उससे कम से कम 7 दिन पहले टिकट बुकिंग जरूरी है।
यह स्कीम डोमेस्टिक फ्लाइट्स के लिए है। चेक-इन के वक्त वैलिड आईडी नहीं दिखाने पर बेसिक किराया जब्त कर लिया जाएगा और रिफंड भी नहीं होगा। एअर इंडिया की वेबसाइट पर इस स्कीम के बारे में पूरी जानकारी दी गई है। जिनके मुताबिक, ये नियम लागू किए जाएंगे...
![एयर इंडिया में बुजुर्गों को डिस्काउंट, लगेगा हाफ टिकट, 7 दिन पहले बुकिंग जरूरी air india,half ticket offer,senior citizen,air india news,news]()
- यात्रा करने वाला भारतीय नागरिक होना चाहिए और उसकी उम्र 60 साल हो चुकी हो।
- वैध फोटो आईडी होनी चाहिए। जिसमें जन्म की तारीख हो।
- इकोनॉमी केबिन में बुकिंग कैटेगरी के मूल किराए का 50% देना होगा।
- भारत में किसी भी सेक्टर की यात्रा के लिए यह ऑफर वैध होगा।
- यह ऑफर टिकट जारी करने की तारीख से एक साल तक लागू होगा।
एयर इंडिया की तरफ से ऐसी स्कीम पहले भी चलाई जा रही थी, अब सरकार ने इसकी मंजूरी दी है।
आपको बता दें कि घाटे में चल रही एयर इंडिया पर 60 हजार करोड़ से भी ज्यादा का कर्ज है। एअर इंडिया को सरकार प्राइवेट हाथों में देने की कोशिश कर रही है। हाल ही में ऐसी जानकारी आई थी कि टाटा ग्रुप एक बार फिर एअर इंडिया का संचालन कर सकता है। टाटा समूह ने एअर एशिया इंडिया के द्वारा यह ईओआई दाखिल किया है। एयर एशिया में टाटा समूह की बहुल हिस्सेदारी है।