देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo पिछले दो दिनों से भारी Operational गड़बड़ियों से जूझ रही है। लगातार बढ़ रही उड़ान रद्दीकरण की घटनाओं के चलते कंपनी ने गुरुवार को यात्रियों और एविएशन सेक्टर से जुड़े सभी लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। एयरलाइन ने आश्वासन दिया कि वह स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
पिछले 48 घंटों में इंडिगो की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। रिपोर्ट्स के अनुसार, एयरलाइन प्रतिदिन 170 से 200 के बीच उड़ानें रद्द कर रही है, जो सामान्य संचालन की तुलना में काफी अधिक है। कई यात्रियों ने शिकायत की कि एयरपोर्ट पर उन्हें उड़ान की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही और कई लोग घंटों टर्मिनल में ही फंसे रहे।
अब कैसे संभलेगी स्थिति?एयरलाइन ने X पर एक बयान जारी करते हुए बताया कि उसकी टीमें लगातार MOCA, DGCA, BCAS, AAI सहित कई एजेंसियों के संपर्क में हैं, ताकि अव्यवस्था को कम कर सेवाओं को पटरी पर लाया जा सके।
इंडिगो ने वादा किया कि यात्रियों को फ्लाइट में किए गए किसी भी बदलाव की अपडेट समय-समय पर भेजी जाएगी। साथ ही कंपनी ने लोगों को सलाह दी कि एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति अवश्य चेक करें। इसके लिए कंपनी ने लिंक भी साझा किया: goindigo.in/check-flight-status.html.
एयरलाइन ने कहा, “हमें हुई असुविधा के लिए अत्यंत खेद है और हम जल्द से जल्द अपने संचालन को सामान्य करने पर केंद्रित हैं।”