अफगानिस्तान के पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह के घर से तालिबान ने करीब 47.96 करोड़ रुपए (6.5 मिलियन डॉलर) और 18 सोने की ईटें मिलने का दावा किया है। तालिबान ने यह भी कहा कि यह उन्हें मिले कुल पैसे का छोटा सा हिस्सा मात्र है। तालिबान के मुताबिक, पंजशीर पर उसके कब्जे के बाद उसने सालेह के ठिकाने पर कब्जा कर लिया है। तालिबान ने एक वीडियो जारी कर इसकी पुष्टि की है। बता दे, 15 अगस्त को अशरफ गनी के काबुल छोड़ने के बाद सालेह ने खुद को अफगानिस्तान का राष्ट्रपति भी घोषित कर दिया था। सालेह एक मात्र ऐसे नेता हैं जो अभी तालिबान के खिलाफ बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। वे पंजशीर में नॉर्दर्न अलायंस के चीफ अहमद मसूद के साथ मिलकर तालिबान से लड़ रहे हैं। हालांकि, खबर है कि पंजशीर पर तालिबान के हमले के बाद अहमद मसूद और सालेह दोनों काजिकिस्तान भाग गए हैं।