एयरफोर्स का फाइटर विमान मिग-21 (MiG-21 Fighter Aircraft) गुरुवार रात क्रैश हो गया। हादसा रात करीब 1 बजे मोगा (Moga ) के कस्बा बाघापुराना के गांव लंगियाना खुर्द के पास हुआ। उस वक्त विमान रुटीन ट्रेनिंग उड़ान पर था। एयरफोर्स के मुताबिक, हादसे में पायलट और स्क्वायड्रन लीडर अभिनव की मौत हो गई है। एयरफोर्स ने हादसे की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का आदेश दिया है।
![पंजाब: एयरफोर्स का MIG-21 एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट की हुई मौत punjab,mig 21 fighter aircraft crashed]()
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पायलट अभिनव ने ट्रेनिंग के दौरान फाइटर जेट मिग-21 से उड़ान भरी थी। अभिनव मिग-21 से राजस्थान के सूरतगढ़ से हलवारा की ओर रवाना हुए थे। अपनी उड़ान के दौरान जब अभिनव फाइटर जेट को लेकर वापस आ रहे थे तभी उनका विमान हादसे का शिकार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर वायुसेना की एक टीम भेजी गई। काफी खोजने के बाद भी अभिनव का पता नहीं चल सका। सर्च ऑपरेशन चलाने के दौरान अभिनव का शव बरामद कर लिया गया है।
इससे पहले 17 मार्च को भी एक हादसे में फाइटर विमान MIG-21 बाइसन उड़ान के दौरान क्रैश हुआ था। इस हादसे में एयरफोर्स के कैप्टन की जान चली गई थी। इससे पहले जनवरी में राजस्थान के सूरतगढ़ में भी मिग-21 बाइसन क्रैश हुआ था। उस वक्त उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी।