गैंगस्टर नीरज बवाना गिरोह के कुख्यात बदमाशों का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गैंगस्टर के साथी राहुल काला और नवीन बाली सलाखों के पीछे शराब की पार्टी करते नजर आ रहे हैं। हालांकि यह वीडियो पुलिस लॉकअप का है या फिर जेल के अंदर का इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। चौबीस सेकेण्ड के वीडियो में राहुल और नवीन के साथ पुलिस लॉकअप के भीतर चार लोग बैठकर शराब पी रहे हैं और चिप्स एवं अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। इन लोगों को नीचे मैट्रेस पर बैठकर फोन पर बात करते और धूम्रपान करते देखा जा सकता है। जबकि दो व्यक्ति लॉकअप के बाहर बैठे दिख रहे हैं। यही नहीं, इस वीडियो को गैंगस्टर नीरज बवाना के कथित ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया है। राहुल 2014 से और नवीन 2019 से जेल में बंद हैं। राहुल को 2014 में उस वक्त गिरफ्तार किया गया था जब उसने अपने सहयोगी रवि के साथ बाहरी दिल्ली के बवाना स्थित सुल्तानपुर डबास गांव में रोड रेज की एक घटना के बाद कथित तौर पर दो भाइयों की हत्या कर दी थी। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था।














