पिछले कुछ दिनों से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों के हमले के बाद भारतीय सेना की तरफ से 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 9 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर कई बंकर और ठिकाने ध्वस्त किए गए। इस हमले से बौखलाया पाकिस्तान लगातार ड्रोन अटैक कर रहा है, जिनका भारतीय सेना करारा जवाब दे रही है।
इस बीच मशहूर सिंगर और कंपोजर विशाल मिश्रा ने शुक्रवार (9 मई) को अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट की, जो तेजी से वायरल हो रही है। विशाल (33) ने साफ किया कि वो अब कभी तुर्की और अजरबैजान नहीं जाएंगे। विशाल ने लिखा, “अब कभी भी #Turkey और #Azerbaijan नहीं जाऊंगा! न घूमने, न किसी कॉन्सर्ट के लिए! ध्यान से सुन लो, कभी नहीं!!” विशाल की इस पोस्ट पर लोग भर-भरकर रिएक्ट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ब्रावो, विशाल भाई आप पर गर्व है।” वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, “देश सबसे पहले।’’
विशाल का ये बयान उस समय आया जब ये खबर सामने आई कि पाकिस्तान ने भारत के कई सैन्य और आम नागरिक ठिकानों पर तुर्की में बने ड्रोन से हमला किया। इस तनाव के बाद कई बड़ी हस्तियों और कंपनियों ने भारत के लोगों से तुर्की और अजरबैजान ना जाने की अपील की है। विशाल ‘कबीर सिंह’ मूवी के गाने ‘कैसे हुआ’ और ‘पहले भी मैं’ जैसे हिट्स के लिए मशहूर हैं। हाल ही में वे कोक स्टूडियो भारत के तीसरे सीजन में नजर आए। विशाल साल 2015 से इंडस्ट्री में एक्टिव हैं और उनके खाते में ढेरों फिल्में हैं।