कृषि बिल के विरोध में किसानों का हल्लाबोल, कर्नाटक में राज्य बंद, दिल्ली में कांग्रेसियों ने ट्रैक्टर में लगाई आग

By: Pinki Mon, 28 Sept 2020 09:39:53

कृषि बिल के विरोध में किसानों का हल्लाबोल, कर्नाटक में राज्य बंद, दिल्ली में कांग्रेसियों ने ट्रैक्टर में लगाई आग

केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए कृषि विधेयकों के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को संसद से पास कराए गए तीन कृषि विधेयकों पर साइन कर दिए हैं, जिसके बाद ये अब कानून बन चुके हैं। इसी को लेकर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान सड़कों पर उतर आए हैं। सोमवार सुबह भी देश की राजधानी दिल्ली के दिल कहे जाने वाले राजपथ पर बिल के विरोध में गुस्सा देखने को मिला। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक ट्रैक्टर में आग लगा दी और कृषि विधेयकों पर विरोध जताया। सोमवार सुबह दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजपथ के पास एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। ये लोग ट्रैक्टर को इंडिया गेट के पास लाकर प्रदर्शन कर रहे थे। मौके पर दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पहुंच कर आग पर काबू पाया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, करीब सुबह 7:15 बजे 15-20 लोग इंडिया गेट के पास आए और ट्रैक्टर में आग लगाई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और ट्रैक्टर को वहां से हटाया। अब इस मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, सीसीटीवी की मदद से उन लोगों के चेहरे तलाशे जा रहे हैं जिन्होंने ट्रैक्टर में आग लगाई। पुलिस की ओर से इस मामले में कानूनी एक्शन लिया जाएगा।

उधर, कृषि कानूनों के विरोध में कर्नाटक में आज सोमवार को किसानों ने फिर राज्य बंद बुलाया है। इस दौरान सोमवार सुबह शिवमोगा में ट्रैफिक सामान्य दिखा। कृषि विधेयक के विरोध में मंडियों को बंद किया गया है। साथ ही दुकानदारों से बाजार बंद रखने की अपील की गई है। वहीं, किसानों के समर्थन में जो भी दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर रहे हैं, उन्हें किसानों की ओर से फूल दिया जा रहा है।

आपको बता दें कि तीनों कृषि विधेयकों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मंजूरी मिल गई है, यानी ये बिल अब कानून बन चुके हैं। हालांकि, इस बीच भी देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन हो रहा है। कांग्रेस समेत विपक्ष की कई पार्टियां कानून के विरोध में हैं। विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति से मिलकर इस बिल पर साइन ना करने की अपील की थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

बता दे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई मंचों से किसानों की शंकाओं को दूर कर चुके हैं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बार-बार कहा है कि किसानों से एमएसपी पर फसलों की खरीद पहले की तरह जारी रहेगी। उन्‍होंने कहा कि नए कानूनों में किसानों को एपीएमसी के दायरे के बाहर अपने उत्पाद बेचने को विकल्प दिया गया है। सरकार का तर्क है कि इससे प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और किसानों को उनके उत्पादों का लाभकारी दाम मिलेगा।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com