कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन के 72 दिन हो गए हैं। इसे मजबूत करने की कड़ी में आज से उत्तर प्रदेश और राजस्थान में किसान पंचायतों की सीरीज शुरू की जाएगी, जो फरवरी के आखिर तक चलेगी। इनका आयोजन राष्ट्रीय लोक दल (RLD) की तरफ से किया जा रहा है। RLD ने पिछले हफ्ते किसान आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया था। उधर, अब किसान आंदोलन को लेकर सेलेब्स की भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। इस मुद्दे को लेकर अब तक तापसी पन्नू, कंगना रनौत, अक्षय कुमर, अजय देवगन, स्वरा भास्कर समेत कई लोग बयान दे चुके हैं। आंदोलन को लेकर सेलेब्स सोशल मीडिया के जरिए अलग-अलग मौकों पर खुलकर अपनी राय रख रहे हैं। कोई आंदोलन को सही बताते हुए खुले तौर पर किसानों का समर्थन कर रहा है, तो कोई देश में एकजुटता बनाने की बात कर रहा है। वहीं, सब इस मुद्दे पर बॉलीवुड के दबंग ख़ान सलमान ख़ान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में एक इवेंट में सलमान खान से किसान आंदोलन को लेकर सवाल पूछा गया था।
सलमान खान से रिपोर्टर ने पूछा कि क्या आप किसान आंदोलन के बारे में कुछ बोलना चाहेंगे। जिसके जवाब में सलमान ने कहा, 'बोलूंगा बिल्कुल बोलूंगा...जो सही है वही होना चाहिए, जो सबसे करेक्ट है वो किया जाना चाहिए, जो सबसे नेक हो वो किया जाना चाहिए।'














