सिखों के सबसे बड़े धर्मस्थल स्वर्ण मंदिर में शनिवार को उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस युवक ने स्वर्ण मंदिर में गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान करने की कोशिश की और वहां रखी श्रीसाहिब (कृपाण) उठा ली थी। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पीट-पीटकर मार डाला। गोल्डन टेंपल पहुंचे अमृतसर के DCP परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि मारे गए युवक की उम्र 24-25 साल के आसपास है और गोल्डन टेंपल में प्रवेश करते समय उसने सिर पर पीला पटका बांध रखा था। सरोवर के अंदर बने सचखंड साहिब तक पहुंचने के लिए लगी लाइन में युवक का व्यवहार सामान्य लग रहा था।
इस घटना के बाद स्वर्ण मंदिर में माहौल गरमा गया है। उग्र भीड़ ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि युवक की बॉडी दिखाई जाए और शव पुलिस को न सौंपा जाए। अमृतसर के DCP परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि युवक का शव सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।