अमेरिका (America) में न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन शहर में एक दुकान में बोतल बम से हमले की घटना सामने आई है। हमले की वजह से दुकान का ज्यादातर सामान जलकर खाक हो गया। हमले का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि बोतल बम को काफी तेजी से दुकान के अंदर फेंका गया और कुछ ही सेकेंड में आग लग गई। गनीमत रही कि यह बोतल किसी व्यक्ति से नहीं टकराई। हालांकि, एक व्यक्ति को हल्की चोटें आईं हैं। हमले के समय दुकान में दो लोग मौजूद थे। वीडियो में एक कर्मचारी आग की लपटों के बीच से बाहर निकलता दिख रहा है। इस दौरान वह गिर जाता है और उसके जूते में आग लग जाती है, लेकिन यह आग जल्द ही बुझ जाती है और वह व्यक्ति बाहर निकल जाता है। वीडियो में दूसरा व्यक्ति भी शॉप से तेजी से बाहर निकलता दिख रहा है।