पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पंजाब प्रांत में रैली के दौरान फायरिंग हो गई, जिसमें खुद पीटीआई चीफ भी गोली लगने से घायल हो गए। इमरान खान को गोली लगते ही आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इमरान खान के पैर में गोली लगी है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पाकिस्तान के पंजाब में जब इमरान खान पर हमलावरों ने फायरिंग शुरू की तो उस समय भीड़ में खड़ा एक समर्थक किसी फरिश्ते से कम नहीं निकला। दरअसल, जब हमलावर फायरिंग कर रहा था तो उसी शख्स ने पीछे से उसकी बंदूक को पकड़कर नीचे कर दिया, जिस वजह से उसका निशाना चूका और उसे तुरंत वहां से भागना पड़ गया। उस शख्स ने इसके बाद भी हमलावर का पीछा नहीं छोड़ा और उसे पकड़ने के लिए दौड़ लगा दी।
![इस शख्स की फुर्ती से चूका हमलावर का निशाना, बची इमरान खान की जान! imran khan,pakistan news,imran khan news in hindi,firing on imran khan,pakistan news in hindi]()
पाकिस्तानी न्यूज चैनल ARY News के अनुसार, जिस कंटेनर पर इमरान खान अन्य नेताओं के साथ खड़े थे, हमलावर ने उसी कंटेनर की ओर से निशाना लगाकर गोली चलाई। हालांकि, फायरिंग के दौरान इमरान खान के समर्थक ने बंदूकधारी का हाथ पकड़ लिया, जिस वजह से निशाना ठीक नहीं लग पाया।