देश के किन-किन राज्यों में लगा हैं लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू, देखे पूरी लिस्ट

By: Pinki Wed, 07 Apr 2021 11:53:03

देश के किन-किन राज्यों में लगा हैं लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू, देखे पूरी  लिस्ट

देश में कोरोना एक बार फिर बेकाबू हो गया है। मंगलवार को 1.15 लाख नए संक्रमित मिले हैं। 59,700 मरीज ठीक हुए और 630 ने दम तोड़ दिया। देश में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई राज्य सरकारों द्वारा लॉकडाउन, वीकेंड लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू जैसे कदम उठाए गए है। ज्यादातर राज्यों में स्कूल-कॉलज या तो बंद किए जा चुके हैं या फिर काफी प्रतिबंधों के साथ खुले हैं। ऐसे में आईए आपको बताते हैं कहां-कहां लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाए गए हैं।

दिल्ली

दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को केजरीवाल सरकार ने नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है। नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा, हालांकि इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को नाइट कर्फ्यू से छूट रहेगी। राजधानी में शादियों, श्राद्ध और अन्य समारोहों के लिए गाइडलाइन पहले ही जारी की जा चुकी है। आपको बता दे, दिल्ली में मंगलवार को को 5,100 नए केस आए। 2,330 मरीज ठीक हुए और 17 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.79 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.54 लाख ठीक हुए हैं और 11,096 ने जान गंवाई है। अभी 14,579 का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में कोरोना से हालात बेहद चिंताजनक है। महाराष्ट्र में हर दिन 50 हजार के करीब कोरोना के नए केस सामने आ रहे है। देश के कुल नए मामलों के 50% से ज्यादा अकेले महाराष्ट्र से आ रहे हैं। उद्धव सरकार ने राज्य में वीकेंड लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू का भी ऐलान किया है। हालांकि उद्धव सरकार पूर्ण लॉकडाउन के पक्ष में नहीं दिख रही है, लेकिन अगर कोरोना से हालात और बदतर हुए तो शायद राज्य सरकार के पास इसके अलावा और कोई विकल्प नहीं बचेगा। आपको बता दे, महाराष्ट्र में मंगलवार को को 55,469 नए मरीज मिले। 34,256 मरीज ठीक हुए और 297 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 31.13 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 25.83 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 56,330 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 4.72 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

गुजरात

गुजरात सरकार ने 20 शहरों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है। इसके साथ ही संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शादी समारोह में आने वाले मेहमानों की संख्या को भी सीमित कर दिया गया है और इसे 100 की फिगर पर ले आए हैं यानि किसी भी शादी में इससे ज्यादा मेहमान नहीं जुट सकते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने देते हुए बताया कि कल से रात 8 बजे से सुबह 6 बजे के बीच राज्य के 20 शहरों में रात का कर्फ्यू लगाया जाएगा और शादियों में 100 लोगों को अनुमति दी जाएगी वहीं राज्य में होने वाले भव्य आयोजनों पर भी 30 अप्रैल तक रोक लगा दी गई है वहीं 30 अप्रैल तक राज्य में सभी कार्यालय शनिवार को बंद रहेंगे। आपको बता दे, गुजरात में मंगलवार को 3,280 नए कोरोना मरीज मिले। 2,167 मरीज ठीक हुए, जबकि 17 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3।24 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3।02 लाख ठीक हुए हैं, जबकि4,598 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 17,348 लोगों का इलाज चल रहा है।

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश सरकार ने 3 सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित जिलों इंदौर, भोपाल और जबलपुर में हर रविवार को लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। सात महीने बाद रविवार को लॉकडाउन लागू किया गया है। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य सरकार 23 मार्च से संकल्प अभियान शुरू करने जा रही है। ताकि लोग मास्क का उपयोग और सामाजि दूरी का लोग पालन करें। चौहान ने आगे कहा कि इस दिन हर जिले में सुबह 11 बजे और शाम 7 बजे सायरन बजाया जाएगा और लोगों से 2 मिनट रुकने और सामाजिक दूरी बनाए रखने का संकल्प लिया जाएगा। आपको बता दे, मंगलवार को राज्य में 3,722 नए मरीज मिले। 2,203 लोग ठीक हुए, जबकि 18 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.13 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2।85 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,073 की मौत हुई है। फिलहाल 24,155 लोगों का इलाज चल रहा है।

पंजाब

पंजाब में भी कोरोना की स्थिति चिंताजनक है। केंद्र की हाई लेवल टीमों को भी मॉनिटरिंग के लिए राज्य के दौरे पर भेजा जा चुका है। राज्य के 11 जिलों में 10 अप्रैल तक पहले ही नाइट कर्फ्यू लगाया जा चुका है। पंजाब में मंगलवार को 2,905 नए मरीज मिले। 2,350 ठीक हुए, जबकि 61 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.57 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.23 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 7,216 की मौत हुई है। फिलहाल 25,913 लोगों का इलाज चल रहा है।

छ्त्तीसगढ़

छ्त्तीसगढ़ में कोरोना के बढ़ते मामलों ने राज्य के साथ केंद्र की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं। राज्य में अप्रैल के पहले 6 दिनों में 37 हजार मरीज मिल चुके हैं। औसतन 6 हजार से अधिक नए पॉजिटिव मिल रहे हैं। मंगलवार को राज्य में रिकार्ड 9921 केस मिले और 53 मौतें हुई हैं। रायपुर में भी एक ही दिन में 2821 मामले सामने आए, जबकि 26 मौतें हुई हैं। राजधानी में 1001 व प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4400 पार कर गई। राजधानी में पहली मौत 29 मई को हुई थी। इस हिसाब से 312 दिनों में रोजाना औसतन 3.20 मरीजों की मौत हुई हैं। वहीं प्रदेश में रोजाना 14 से ज्यादा मरीजों की जान कोरोना से गई है। केंद्र सरकार ने राज्य के कोरोना प्रभावित जिलों में हाई लेवल टीम भेजने का फैसला किया है। राज्य के दुर्ग, राजनांदगांव आदि इलाकों में लॉकडाउन लगाया गया है, रायुपर में भी नाइट कर्फ्यू लगाया गया है।

राजस्थान

राजस्थान के जोधपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। राज्य सरकार ने संक्रमण को काबू करने के लिए यहां 6 से 19 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है। रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक पाबंदियां रहेंगी। राजस्थान में मंगलवार को 2,236 संक्रमितों की पहचान हुई। 851 मरीज ठीक हुए और 13 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक करीब 3.43 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.24 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,854 ने जान गंवाई है। फिलहाल 16,140 मरीजों का इलाज चल रहा है।

हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश में भी नाइट कर्फ्यू को लेकर चर्चाओं का दौर गर्म है। मंगलवार को इस मसले पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस पर फैसला 8 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली बैठक के बाद लिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार को सुंदर नगर में मीडिया से रू-ब-रू हो रहे थे। यहां भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) परिसर के स्थित सुकेत सदन में प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 अप्रैल को प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठक के बाद प्रदेश में नाइट कर्फ्यू पर फैसला लिया जाएगा। बैठक में प्रधानमंत्री से देश और प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर विस्तृत चर्चा के बाद नाइट कर्फ्यू लगाने की संभावना पर विचार किया जाएगा। हालांकि उससे पहले आज शिमला में इसी विषय पर अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।

चंडीगढ़

कोरोना के केस बढ़ने के बाद चंडीगढ़ में भी बुधवार से नाइट कर्फ्यू लग गया है। रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक बाहर निकलने पर पाबंदी रहेगी। नाइट कर्फ्यू में जरूरी सेवाओं की ही छूट रहेगी। इन जरूरी सेवाओं में काम कर रहे लोग आ-जा सकेंगे। जैसे कैमिस्ट, मेडिकल स्टाफ, सब्जी व फ्रूट की सप्लाई, राशन की सप्लाई, दूध वगैरह की सप्लाई। चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने पुलिस को नाइट कर्फ्यू का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। ट्राईसिटी में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें मोहाली में हो रही हैं। मंगलवार काे जिले में 8 लोगों की मौत हुई और 326 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। कोरोना काल में पहली बार एक दिन में इतने लोगों की मौत हुई है। चंडीगढ़ में 319 मरीज संक्रमित पाए गए और दो की मौत हुई।

ओडिशा


ओडिशा सरकार ने सोमवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 573 नए मामले सामने आने के बाद 10 जिलों में नाईट कर्फ्यू लगा दिया। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3 लाख के पार पहुंच गए हैं। अधिकारी ने बताया कि सुंदरगढ़, बरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बलांगीर, नौपाड़ा, कालाहांडी, मल्कानगिरी, कोराटपुर और नबरंगपुर जिले में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा।

ये भी पढ़े :

# बढ़ते संक्रमण को लेकर सरकार की चेतावनी - बहुत तेजी से फैल रहा कोरोना, अगले चार हफ्ते बेहद अहम

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com