भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर मुहर लगते ही देश के व्यापारिक नक्शे में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है। इस समझौते के लागू होते ही भारत को यूरोप के 27 देशों के विशाल बाजार तक सीधी पहुंच मिल जाएगी। इसका सबसे बड़ा फायदा फार्मा, टेक्सटाइल, लेदर, जेम्स-ज्वेलरी, एग्रीकल्चर, मरीन और केमिकल्स जैसे प्रमुख सेक्टर्स को मिलने वाला है। खास बात यह है कि अब भारत के अलग-अलग राज्यों में बनने वाले विशिष्ट उत्पादों को यूरोप में नया और बड़ा प्लेटफॉर्म मिलेगा। इससे न सिर्फ MSME सेक्टर को मजबूती मिलेगी, बल्कि राज्य स्तर पर उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
FTA से भारत को मिला एक्सपोर्ट का सुनहरा मौकाभारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत-EU FTA से किस राज्य के कौन-से उत्पाद यूरोपीय देशों तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारत के राज्यों को व्यापक आर्थिक लाभ मिलने वाला है। इसी के साथ उन्होंने एक इन्फोग्राफिक भी साझा किया, जिसमें राज्यवार एक्सपोर्ट होने वाले उत्पादों की पूरी सूची दी गई है। आइए, विस्तार से जानते हैं कि किस राज्य से क्या-क्या सामान यूरोप जाएगा।
उत्तर भारत से किन उत्पादों की होगी यूरोप में एंट्री?उत्तर भारत के राज्यों के लिए यह समझौता बड़े अवसर लेकर आया है। पंजाब से कपड़ा, इंजीनियरिंग से जुड़े उत्पाद, खेल सामग्री और कृषि उत्पाद यूरोप भेजे जाएंगे। राजस्थान अपने खेल सामान, हस्तशिल्प, रत्न-आभूषण, टेक्सटाइल और फर्नीचर के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बनाएगा। वहीं, उत्तर प्रदेश से चमड़ा व जूते, फर्नीचर, हस्तशिल्प, इलेक्ट्रॉनिक्स और कृषि आधारित उत्पाद यूरोप एक्सपोर्ट किए जाएंगे।