एक्टर अक्षय कुमार की मचअवेटेड कोर्टरूम ड्रामा ‘केसरी चैप्टर 2’ आज शुक्रवार (18 अप्रैल) को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। गुरुवार को फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी जिसमें बॉलीवुड की कई हस्तियों ने शिरकत की। इस बीच एक्टर विक्की कौशल ने फिल्म का रिव्यू किया है। विक्की ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘केसरी चैप्टर 2’ का पोस्टर शेयर करते हुए पूरी टीम की तारीफ की है। विक्की ने लिखा, “एक अनकही कहानी, जिसे बहुत ही हिम्मत, ईमानदारी और तीव्रता के साथ बताया गया है।
करण एस त्यागी के डायरेक्शन की ये एक बेहतरीन शुरुआत है! हमारे इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय को बड़े पर्दे पर लाने के लिए पूरी टीम को बधाई। अक्षय कुमार, अनन्या पांडे, आर. माधवन - बिल्कुल जादू। इसे मिस न करें।” विक्की की ये पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। फिल्म एडवांस बुकिंग से अभी तक करीब 3 करोड़ रुपए की कमाई कर पाई है। बता दें कि फिल्म में जलियांवाला बाग हत्याकांड के बारे में दिखाया गया है जिसके बाद कानूनी जंग शुरू होती है। इस कोर्टरूम ड्रामा में अक्षय और आर माधवन एक-दूसरे के खिलाफ नजर आए। इसमें अनन्या पांडे की भी अहम भूमिका है।
इस फिल्म के माध्यम से अक्षय को एक हिट की भी तलाश है। हालांकि उनकी पिछली फिल्म ‘स्काई फोर्स’ कुछ हद तक सफल रही थी। यह इसी साल गणतंत्र दिवस पर रिलीज हुई थी। जहां तक विक्की के काम की बात है तो वे इन दिनों अपनी फिल्म ‘छावा’ को लेकर छाए हुए हैं। छावा 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर तगड़ा बिजनेस किया। इसमें हर कोई विक्की की एक्टिंग का कायल हो गया।














