सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी के जीवन में हाल ही में सबसे बड़ी खुशी आ गई। कियारा ने 15 जुलाई को एक नन्हीं परी को जन्म दिया है। इस जोड़े ने मीडिया और पैपराजी के साथ भी मिठाई बांटकर इस खास मौके का जश्न मनाया। माता-पिता बनने की इस नई यात्रा को शुरू करते हुए सिड-कियारा दोनों ही बेहद उत्साहित और आनंदित हैं। अब कपल ने अपने फैंस और मीडिया से एक इमोशनल अपील की है। उन्होंने इस विशेष समय में अपनी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील करते हुए बेटी के लिए ‘नो फोटोज’ पॉलिसी अपनाई है।
कपल ने गुरुवार (17 जुलाई) को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक बयान में अपने सभी चाहने वालों और शुभचिंतकों के प्यार और शुभकामनाओं के लिए गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “हम सभी के प्यार और शुभकामनाओं के लिए बहुत आभारी हैं। हमारा दिल सचमुच भर गया है। माता-पिता बनने के इस नए सफर में अपने पहले कदम रखते हुए, हम आशा करते हैं कि हम एक परिवार के रूप में इसका भरपूर आनंद लेंगे। अगर यह खास पल निजी रहे तो यह हमारे लिए बहुत मायने रखेगा। इसलिए कृपया कोई फोटो न लें, केवल आशीर्वाद दें! आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। लव, कियारा और सिद्धार्थ।”
कपल बेटी को सार्वजनिक चकाचौंध से दूर रखना चाहता है। इस तरह से सिद्धार्थ और कियारा का नाम भी उन सेलिब्रिटी माता-पिता की सूची में जुड़ गया है, जिन्होंने अपने बच्चों की गोपनीयता और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। अनुष्का शर्मा-विराट कोहली, दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह और रानी मुखर्जी-आदित्य चोपड़ा ने अभी तक अपने बच्चों को मीडिया की नजरों से दूर रखा है। फैंस को अभी तक बच्चों का चेहरा देखने को नहीं मिला। कुछ समय पहले सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद उन्होंने और उनकी पत्नी करीना कपूर खान ने भी मीडियाकर्मियों से अपील की है कि वे उनके बच्चों तैमूर और जेह को फॉलो नहीं करें।














