एक्टर वरुण धवन की अपकमिंग फिल्म 'बेबी जॉन' इन दिन खूब सुर्खियों में है। फैंस में इसके लिए जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है और वे इसे देखने के लिए उतावले हुए जा रहे हैं। सोमवार (9 दिसंबर) को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं। इस बीच सुपरस्टार शाहरुख खान ने भी ट्रेलर देखने के बाद अपनी रिएक्शन दी है। बता दें शाहरुख और वरुण ने साल 2015 में आई फिल्म ‘दिलवाले’ में साथ काम किया था। शाहरुख ने अपने ट्विटर (X) हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है।
उन्होंने लिखा, “क्या कमाल का ट्रेलर है। बढ़िया काम किया है। इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कलीस सर। आपकी बेबी जॉन काफी हद तक आपकी ही तरह है। एनर्जेटिक और फुल ऑफ एक्शन। आगे बढ़िए और एक प्रोड्यूसर के तौर पर यह बाजी जीत लीजिए। लव यू वरुण धवन तुम्हें इस तरह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है, हालांकि जैकी श्रॉफ तो डेडली जग्गू दादा ही लग रहे हैं। इसके अलावा शाहरुख ने कीर्ति सुरेश और वामिका गब्बी को ऑल द बेस्ट कहा है।
शाहरुख ने इस फिल्म को एक कम्पलीट पैकेज बताया और पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उल्लेखनीय है कि एटली की लिखी और प्रोड्यूस की इस फिल्म के डायरेक्टर कलीस हैं। शाहरुख की पिछले साल आई फिल्म ‘जवान’ का डायरेक्शन एटली ने ही किया था। बता दें ‘बेबी जॉन’ सिनेमाघरों में क्रिसमस के मौके पर 25 दिसंबर को रिलीज होगी। फिल्म में वरुण काफी खतरनाक अवतार में नजर आएंगे।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में एटली ने दिया था शाहरुख को धन्यवाद
इससे पहले ‘बेबी जॉन’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान एटली ने शाहरुख के प्रति आभार जताया था। उन्होंने ‘किंग खान’ के साथ सफल साझेदारी का जिक्र करते हुए कहा था कि अगर शाहरुख सर नहीं होते तो मैं बॉलीवुड में नहीं आता, फिल्म नहीं बनाता और अब निर्माता भी नहीं बन पाता। शाहरुख सर का धन्यवाद। आप जहां भी इस समय हैं हमें आशीर्वाद दें। फिल्म का ट्रेलर देख सभी फैंस एक्साइटेड हैं।
एक यूजर ने कमेंट किया, “भाईजान का आखिरी सीन ही काफी है, अब तो ये फिल्म 3 बार जरूर देखनी है।” दूसरे फैन का कहना है, “सलमान का 5 सैकंड का कैमियो, लेकिन इम्पैक्ट पूरे महीने का।” तीसरे यूजर ने लिखा, “ट्रेलर के आखिरी 2 सैकंड में जो धमाका हुआ, वही फिल्म की हाइप को आसमान तक ले जाएगा।” वहीं, एक अन्य फैन ने लिखा, “थियेटर में ये फिल्म धमाल मचाने वाली है, पहले ही रोंगटे खड़े कर दिए।”














