कुछ समय पहले सिंगर सोनू कक्कड़ ने एक पोस्ट इंस्टा स्टोरी शेयर करते हुए अपनी बहन नेहा और टोनी से अपना रिश्ता तोड़ लिया था। साथ ही कहा था कि उनका दिल काफी दुखा है। हालांकि सोनू ने तुरंत ही इस पोस्ट को डिलीट भी कर दिया था लेकिन ये तब तक सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो चुकी थी। इसके बाद नेहा ने भाई टोनी और पति रोहनप्रीत सिंह के साथ कुछ वेकेशन की फोटो भी शेयर की थीं। हालांकि अब नेहा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है, जो काफी सुर्खियां बटोर रही है। इस पोस्ट में साफ दिख रहा है कि कक्कड़ भाई-बहनों में कुछ दिनों से चल रहा कलेश अब खत्म हो गया है।
इसमें नेहा के साथ टोनी और सोनू भी नजर आ रहे हैं। तीनों भाई-बहनों के साथ उनके मम्मी-पापा भी फोटो में शामिल हैं। नेहा ने जो फोटो साझा की हैं, इनमें पूरी कक्कड़ फैमिली पार्टी कर रही है। बैकग्राउंड में हैप्पी एनिवर्सरी का टैग लगा है। इससे पता चल रहा है कि कक्कड़ भाई-बहन अपने मम्मी-पापा की एनिवर्सरी का जश्न मना रहे हैं। नेहा ने एक नहीं बल्कि कई तस्वीरें शेयर कीं। साथ ही इनमें वीडियो भी शामिल हैं। एक वीडियो में पूरा परिवार एक-साथ डांस करता दिख रहा है। एक फोटो में सिंगर रोहनप्रीत सिंह भी पत्नी नेहा के साथ नजर आ रहे हैं।
नेहा ने इन फोटो के कैप्शन में लिखा, “क्या रात थी।” इस पर सोनू ने भी कमेंट किया। अब तीनों भाई-बहनों को फिर से साथ देखकर फैंस मिले-जुले रिएक्शन दे रहे हैं। जहां फैंस लड़ाई सॉल्व होने पर खुश हो रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने सवाल किया कि क्या ये सारा पब्लिसिटी ड्रामा था। बता दें कि कक्कड़ भाई-बहन में हुई अनबन के बाद ये पहला मौका है जब पूरे परिवार को एक साथ देखा गया हो। हालांकि पेरेंट्स की एनिवर्सरी से पहले टोनी का जन्मदिन आया था। तब बर्थडे पार्टी में नेहा और टोनी ही एक साथ दिखे थे। उनकी बहन सोनू नहीं दिखी थीं।














