'गांधी फिर आ गए', 'मुसाफिर' और 'पिंकी मोगे वाली 2' जैसी फिल्मों में नजर आईं एक्ट्रेस नेहा मलिक ने मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में चोरी का मामला दर्ज कराया था। अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके घर से 34.49 लाख रुपए के गहने चोरी हो गए थे और उनके परिवार ने शक जताया कि यह चोरी उनकी घरेलू सहायिका ने की हो सकती है। नेहा मलिक की मां ने चोरी के मामले में एक घरेलू सहायिका पर शक जताते हुए मुंबई के ओशिवारा स्थित अंबोली पुलिस स्टेशन में एफआईआर (FIR) दर्ज करवाई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि इस घटना के पीछे उनकी हाउस हेल्प का हाथ हो सकता है। इस मामले में पुलिस ने नया अपडेट दिया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और चोरी किए गए गहनों को भी बरामद कर लिया गया है।
नेहा मलिक की मां, मंजू मलिक, ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया कि वह रविवार को अपनी घरेलू सहायिका के खिलाफ चोरी की शिकायत लेकर पुलिस स्टेशन पहुंची थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को जब उनकी घरेलू सहायिका घर काम करने आई, तो मंजू घर को उसके भरोसे छोड़कर माथा टेकने के लिए गुरुद्वारे चली गईं। शनिवार को घरेलू सहायिका काम पर नहीं आई और मंजू ने उसे कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद जब मंजू ने अपने घर की अलमारी चेक की, तो उन्हें पता चला कि उनके सारे गहने गायब थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने घर में हर जगह गहने ढूंढे, लेकिन जब गहने नहीं मिले, तो उन्हें शक हुआ कि उनकी हाउस हेल्प ने गहने चुराए होंगे।














