एक्टर सोनू सूद कोरोनाकाल में गरीबों के मसीहा के रूप में उभरे थे। उन्होंने कई जरूरतमंद लोगों की किसी न किसी तरह से मदद की थी। हालांकि फिलहाल उनके फैंस के लिए बुरी खबर है। सोनू के खिलाफ लुधियाना की एक कोर्ट ने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तारी का वॉरंट जारी किया है। यह मामला 1 जुलाई 2023 का है, जब लुधियाना के वकील राजेश खन्ना ने मोहित शुक्ला के खिलाफ 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। आरोप है कि मोहित मल्टी-लेवल मार्केटिंग का बिजनेस चलाते हैं और उन्होंने निवेश पर तीन गुना रिटर्न देने का झांसा देकर वकील से 10 लाख रुपए का निवेश करवा लिया।
शिकायत के मुताबिक नवंबर 2021 में मोहित ने वकील को लुधियाना के होटल रेडिसन ब्लू में बुलाया और अपने व्यवसाय की जानकारी दी। उन्होंने वकील से 8000 रुपए निवेश करने के लिए कहा और 10 महीने में 24000 रुपए लौटाने का वादा किया। इसके बाद, आरोपी ने अलग-अलग आईडी के जरिए 12500 डॉलर (करीब 10 लाख रुपए) निवेश करने के लिए मजबूर किया। सोनू उस कंपनी के ब्रांड एंबेसडर थे, जिसके खिलाफ धोखाधड़ी का यह मामला दर्ज किया गया है। सोनू को गवाही के लिए कोर्ट में बुलाया गया था।
जब सोनू अदालत में पेश नहीं हुए तो न्यायिक मजिस्ट्रेट रमनप्रीत कौर ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। ऑर्डर में लिखा है, “सोनू सूद को विधिवत समन या वारंट भेजा गया है, लेकिन वे अदालत में उपस्थित नहीं हुए हैं (समन या वारंट की तामील से बचने के लिए फरार हो गए हैं और रास्ते से बाहर रहते हैं)। आपको आदेश दिया जाता है कि उक्त सोनू सूद को गिरफ्तार किया जाए और अदालत के सामने लाया जाए...”
मामले की अगली सुनवाई 10 फरवरी को होगी। इस मामले में अभी तक न तो सोनू और न ही उनकी टीम का कोई बयान सामने आया है। उल्लेखनीय है कि सोनू की फिल्म ‘फतेह’ पिछले दिनों सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। सोनू ने इस फिल्म के साथ डायरेक्टर के रूप में भी करिअर की शुरुआत की। ‘फतेह’ में जैकलीन फर्नांडीज, विजय राज और नसीरुद्दीन शाह की भी अहम भूमिकाएं हैं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 12 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की है।
मुंबई के वर्ली में 39वें फ्लोर पर था अक्षय कुमार का यह अपार्टमेंट
एक्टर अक्षय कुमार की गणतंत्र दिवस से पहले 24 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘स्काई फोर्स’ पर दर्शक भरपूर प्यार लुटा रहे हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। अक्षय को लंबे समय से किसी हिट का इंतजार था और ‘स्काई फोर्स’ से उनकी बढ़िया वापसी हो गई है। इस बीच अक्षय ने मुंबई वाला एक अपार्टमेंट बेच दिया है। ये अपार्टमेंट वर्ली में 360 वेस्ट टॉवर बी के 39 फ्लोर पर है।
इसमें 4 कार एक साथ पार्क की जा सकती है। रियल एस्टेट IndexTap.com के मुताबिक अक्षय ने फ्लैट बेचने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अक्षय से इसे पल्लवी जैन ने 80 करोड़ रुपए में खरीदा और 4.8 करोड़ की स्टैम्प ड्यूटी भी दी। अक्षय ने कुछ हफ्ते पहले अपना बोरीवली ईस्ट वाला अपार्टमेंट भी बेच दिया था, जिसमें 3 बीएचके स्टूडियो और ड्यूप्लेक्स अपार्टमेंट थे।
इसे अक्षय ने साल 2017 में में 2.38 करोड़ में खरीदा और 4.25 करोड़ में बेच दिया। अक्षय के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे अपनी आगामी फिल्म 'कनप्पा' को लेकर भी चर्चाओं में हैं। इसके अलावा अक्षय के पास ‘भूत बंगला’, 'हेरा फेरी 3', 'वेलकम टू जंगल', 'केसरी 2', 'जॉली LLB 3' भी है।














