साउथ इंडियन सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'गेम चेंजर' को लेकर लाइमलाइट में हैं। फिल्म 10 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। एक दिन पहले गुरुवार को इसका ट्रेलर रिलीज किया गया था, जिसमें राम चरण का डबल रोल में धांसू अंदाज देखने को मिला। फैंस ने सोशल मीडिया पर इसको जबरदस्त रिस्पोंस दिया। यह मूवी साल 2025 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। फिल्म पहले साल 2023 में रिलीज होनी थी, लेकिन कुछ कारणों से इसे साल 2024 तक पोस्टपोन कर दिया गया।
हालांकि पिछले साल भी किन्हीं वजह से यह रिलीज नहीं हो पाई थी। इस फिल्म का बजट करीब 450 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। चार गानों को बनाने में 75 करोड़ खर्च किए गए हैं। यह एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इस बीच फिल्म के सितारों की फीस को लेकर अपडेट सामने आई है। ग्रेट आंध्र की रिपोर्ट के मुताबिक राम चरण की फीस की बात करें, तो उन्होंने करीब 65 करोड़ रुपए चार्ज किए हैं।
पहले उनकी फीस इससे ज्यादा थी, लेकिन फिल्म की रिलीज डेट पोस्टपोन होने के बाद उन्होंने कटौती कर ली। फिल्म की लीड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने 5 से 7 करोड़ रुपए लिए हैं। यह फिल्म राम चरण और कियारा की दूसरी फिल्म है। फिल्म के डायरेक्टर शंकर ने भी अपनी फीस में कटौती की है। शंकर ने लगभग 35 करोड़ रुपए लिए हैं। रिलीज डेट में बदलाव के कारण प्रोडक्शन की लागत बढ़ गई थी, जिसके बाद शंकर ने फीस घटा ली थी।














