हाल ही न्यूयॉर्क में हुई फैशन जगत की सबसे प्रतिष्ठित इवेंट में से एक ‘मेट गाला 2025’ में कई भारतीय हस्तियों ने डेब्यू किया। इसमें शाहरुख खान, कियारा आडवाणी, पंजाबी सिंगर व एक्टर दिलजीत दोसांझ के नाम शामिल हैं। अब इस इवेंट के बेस्ट ड्रेस स्टार की लिस्ट सामने आई है। इस लिस्ट में टॉप पर आने वाले इस स्टार ने इसी साल मेट गाला में डेब्यू किया। उसने ना सिर्फ पारंपरिक परिधान का प्रतिनिधित्व किया, बल्कि अपने देश, राज्य, संस्कृति, धर्म का भी प्रतिनिधित्व किया। ये स्टार कोई और नहीं, बल्कि दिलजीत हैं। दिलजीत ने शेरवानी में अपनी पंजाबी विरासत का प्रतिनिधित्व किया।
इतना ही नहीं, मेट गाला में डेब्यू करने वाले पहले पगड़ीधारी एक्टर-सिंगर बनकर उभरे। इवेंट में निश्चित रूप से बहुत सारे आकर्षक आउटफिट देखने को मिले। आधिकारिक बेस्ट ड्रेस्ड लिस्ट में रिहाना, लुईस हैमिल्टन, कोलमैन डोमिंगो जैसे कई सितारो ने टेलर्ड फॉर यू ड्रेस कोड पर अपनी बेहतरीन छाप छोड़ी। टॉप 10 लुक को वोट किए गए अनुसार सूचीबद्ध किया गया। वोटों की गिनती रेड कार्पेट गैलरी में की गई थी। वोग के अनुसार दिलजीत ने 306 सेलिब्रेटी को हराकर नंबर वन की पोजिशन हासिल की है। वोग ने अपने रीडर्स को बेस्ट ड्रेस लिस्ट के लिए फेवरेट लुक चुनने का जिम्मा दिया था।
रीडर्स ने 307 अलग-अलग आउटफिट में दिलजीत की ड्रेस को नंबर वन चुना। दिलजीत ने पंजाब के महाराजा से इंस्पायर्ड ऑल व्हाइट लुक कैरी किया था। इसके अलावा उन्होंने जो केप पहनी थी उस पर गुरुमुखी भाषा के अक्षर लिखे थे। दिलजीत के इस लुक को डिजाइन किया था नेपाली-अमेरिकन फैशन डिजाइनर प्रबल गुरुंग ने। दिलजीत के अलावा प्रबल आलिया भट्ट, ईशा अंबानी, शकीरा और मारिया शारापोवा जैसे सेलिब्रिटीज को भी मेट गाला के लिए स्टाइल कर चुके हैं। मेट गाला एक चैरिटी इवेंट है, जो हर साल न्यूयॉर्क के मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट्स के कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट में आयोजित किया जाता है। इसकी शुरुआत 1948 में सोसाइटी मिडनाइट डिनर के रूप में हुई थी।














