लाखों-करोड़ों लोगों की दिलों की धड़कन दिग्गज एक्टर रणवीर सिंह का आज रविवार (6 जुलाई) को जन्मदिन है। वे 40 साल के हो गए हैं। रणवीर के लिए सोशल मीडिया पर उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथियों की ओर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। इस बीच रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ के मेकर्स ने उनके चाहने वालों को एक शानदार तोहफा दिया है। फिल्म से रणवीर का फर्स्ट लुक रिलीज कर दिया गया है। इसने आते ही इंटरनेट पर धमाल मचा दिया। लुक के साथ-साथ फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है।
फिल्म 5 दिसंबर को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है। टीजर 2 मिनट 39 सैकंड का है, जिसमें रणवीर का शानदार अवतार देखने को मिला जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। लंबे बाल, बढ़ी हुई दाढ़ी और मुंह में सिगरेट दबाए रणवीर का दमदार लुक सामने आया है। ये एक गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है जिसमें एक से बढ़कर एक एक्टर्स दिखाई देंगे। संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और आर माधवन की झलक टीजर में देखने को मिली। माधवन को पहचानना भी मुश्किल हो रहा है।
वो कोट-पैंट पहने और गंजे लुक में हैं। उनका लुक काफी हद तक एनएसए अजीत डोभाल के लुक से मिलता हुआ लगता है। अक्षय का लुक भी दमदार लगा। 'छावा' में ‘औरंगजेब’ की भूमिका निभाने के बाद अक्षय एक बार फिर प्रभावित कर रहे हैं। फिल्म की कहानी एक सीक्रेट मिशन की कहानी है जिसमें संभवत: रणवीर एक सीक्रेट एजेंट के किरदार में नजर आ रहे हैं। ‘धुरंधर’ को लेकर रणवीर पिछले काफी वक्त से चर्चाओं में बने हुए हैं। शूटिंग से उनके कई वीडियो भी सामने आए थे। इनमें रणवीर बड़े बालों और तगड़ी बॉडी वाले लुक में दिखे थे। फिल्म के डायरेक्टर एक्ट्रेस यामी गौतम के पति आदित्य धर हैं।














