हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और ‘हीमैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी और यादें आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं। उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ का ट्रेलर सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है। इस फिल्म में धर्मेंद्र, सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के पिता की भूमिका में नजर आए हैं। इसी बीच अभिनेता बॉबी देओल ने अपने पिता से जुड़ा एक बेहद खास और पहले कभी न देखा गया वीडियो फैंस के साथ शेयर किया है।
बॉबी देओल ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है, जिसमें धर्मेंद्र ‘इक्कीस’ के सेट पर दिखाई दे रहे हैं। यह दरअसल फिल्म का रैप-अप वीडियो है, जिसमें धर्मेंद्र शूटिंग के अनुभव को साझा करते नजर आते हैं। वीडियो में वह कहते हैं, “इस फिल्म का हिस्सा बनकर मुझे बहुत खुशी मिली। पूरी टीम और कैप्टन श्रीराम जी के साथ काम करना यादगार रहा। शूटिंग बहुत अच्छे तरीके से पूरी की गई।”














