राखी सावंत को एंटरटेनमेंट क्वीन यूं ही नहीं कहा जाता। उनका हर अंदाज, हर बयान और हर वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर लेता है। चाहे किसी इवेंट में हों या फिर रियलिटी शो में, राखी हर बार कुछ न कुछ ऐसा कर जाती हैं कि लोग उन्हें नोटिस करना बंद नहीं कर पाते। वो कई बार रियलिटी शो 'बिग बॉस' का भी हिस्सा बन चुकी हैं और लोगों ने उन्हें उतना ही प्यार दिया, जितना ट्रोल किया। लेकिन जितनी बार उन्हें ट्रोल किया गया, उतनी ही बार उन्होंने खुद को साबित भी किया है।
अब एक पुराना वीडियो फिर से इंटरनेट पर छाया हुआ है जिसमें राखी सावंत बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अमरीश पुरी के साथ डांस करती नजर आ रही हैं। यह देखकर लोग वाकई चौंक गए कि 'मोगैंबो' जैसा गंभीर किरदार निभाने वाला कलाकार इस तरह स्टेज पर थिरक भी सकता है।
वीडियो हुआ वायरल, फैंस हुए हैरान
वायरल वीडियो में अमरीश पुरी एकदम कूल अंदाज में नजर आ रहे हैं। उन्होंने स्टाइलिश शेड्स पहन रखे हैं और उनका फॉर्मल लुक एकदम अलग ही लग रहा है। वहीं राखी सावंत सिल्वर कलर की शॉर्ट ड्रेस में बहुत यंग और स्लिम दिख रही हैं। उन्हें देखकर कई लोग उन्हें पहचान भी नहीं पा रहे हैं। दोनों साथ में हाथ पकड़कर जो डांस कर रहे हैं, वो वाकई देखने लायक है।
इस गाने का नाम 'बदमाश नंबर 1' है और यह 2002 में रिलीज हुई फिल्म का हिस्सा है। उस दौर में भी राखी अपने डांस से लोगों को हैरान कर चुकी थीं और आज भी उनका वही जोश और जज्बा देखने को मिलता है।














