एक्ट्रेस गुरप्रीत बेदी और कपिल आर्य ने हाल ही किया है बेटे का स्वागत
गुरप्रीत बेदी टेलीविजन की दुनिया की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं। वह सोनी टेलीविजन के शो ‘दिल ही तो है’ में 'रीवा' के रूप में अपनी भूमिका के लिए जानी जाती हैं। इसके अलावा वह पैंटालूंस फेमिना मिस इंडिया 2010 की टॉप 10 फाइनलिस्ट लिस्ट में थीं। गुरप्रीत की पर्सनल लाइफ पर नजर डालें तो उन्होंने अभिनेता कपिल आर्य के साथ शादी की है।
हाल ही में गुरप्रीत और कपिल के घर में खुशियों का आगमन हुआ है। वे एक बेटे के माता-पिता बने। कपल ने मंगलवार (15 अप्रैल) को एक पोस्ट में बहुत प्यारे तरीके से अपने बच्चे के नाम की घोषणा की। गुरप्रीत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर परिवार के नए सदस्य की एक तस्वीर डाली। इसमें नन्ना-मुन्ना पीठ के बल लेटा हुआ माता-पिता की उंगलियों को अपनी छोटी सी पकड़ से पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। फोटो के ऊपर एक प्यारे से संदेश के माध्यम से उसका नाम बताया गया है।
इसमें लिखा है, “हाय वर्ल्ड, मैं अजाए हूं।” अगली स्लाइड में बच्चे के नाम का मतलब बताया गया है। इसके अनुसार अजाए एक जापानी मूल का शब्द है जिसका अर्थ है शक्ति। आगे लिखा हुआ है कि चाहे जो स्थिति हो अजाए हमेशा चमकेगा, क्योंकि उसके नाम का अर्थ 'शक्ति' है। अजाए अपने ऊर्जावान व्यक्तित्व और साहसिक भावना के साथ किसी भी स्थिति से निपट लेगा। उल्लेखनीय है कि कपल ने पिछले साल 28 दिसंबर को प्रेग्नेंसी की घोषणा कर फैंस को खुश कर दिया था।













