अहमदाबाद के ईकेए एरेना में शनिवार (11 अक्टूबर) रात 70वें फिल्मफेयर अवार्ड का आयोजन हुआ। इसमें बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा देखने को मिला। अवार्ड साल 2024 में रिलीज हुई फिल्मों के लिए दिए गए। सेरेमनी को सुपरस्टार शाहरुख खान, करण जौहर और मनीष पॉल ने होस्ट किया। शाहरुख ने स्टेज पर काजोल के साथ शानदार परफॉर्मेंस भी दी। आमिर खान की एक्स वाइफ फिल्ममेकर किरण राव की ‘लापता लेडीज’ ने बाजी मारी। उसने 13 पुरस्कार जीतकर नया इतिहास रच दिया और 13 पुरस्कार जीतने वाली ‘गली बॉय’ की बराबरी कर ली।
‘लापता लेडीज’ ने बेस्ट फिल्म और ‘बेस्ट डायरेक्टर’ सहित विभिन्न कैटेगरी में जीत हासिल की। यह फिल्म अपने सामाजिक संदेश और सादगी भरे कथानक के कारण दर्शकों की फेवरेट बनी। बेस्ट एक्टर का पुरस्कार संयुक्त रूप से दो हीरो कार्तिक आर्यन और अभिषेक बच्चन को मिला। कार्तिक को 'चंदू चैंपियन' और अभिषेक को 'आई वांट टू टॉक' के लिए यह ट्रॉफी दी गई। दोनों कलाकार मंच पर साथ पहुंचे और एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। अभिषेक ने मां जया बच्चन को समर्पित एक इमोशनल परफॉर्मेंस दी। आलिया भट्ट को ‘जिगरा’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया। हालांकि वह शो में मौजूद नहीं थीं।














