एक्टर टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'बागी 4' का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, जो अब खत्म होने को है। फिल्म शुक्रवार (5 सितंबर) को सिनेमाघरों में पहुंच जाएगी। फिल्म से जुड़ी ताजा अपडेट ये है कि सेंसर बोर्ड ने इसे 'A' सर्टिफिकेट दिया है। फिल्म का रन टाइम 2 घंटे 43 मिनट और 50 सैकंड रहेगा। इसी के साथ 'बागी 4' पर सेंसर बोर्ड की कैंची भी चल गई है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक सेंसर बोर्ड ने फिल्म के 23 सीन पर कट लगाए हैं। कुछ सीन को फिल्म से हटा दिया गया है। 'कंडोम' वाले सीन म्यूट किए गए हैं। 'भाई तुझे कंडोम में ही रहना चाहिए था' संवाद में 'कंडोम' शब्द को म्यूट कर दिया गया।
'तेरा वजूद ही मिट जाएगा गॉड' संवाद में 'सब देखते रह जाएंगे' से बदल दिया गया है। एक सीन में कटे हुए हाथ से सिगरेट जलाते हुए देखा जा रहा है, जिसे अब हटा दिया गया है। यह 13 सैकंड का सीन था। एक सीन में प्रभु यीशू की मूर्ति की ओर चाकू फेंका जाता है, आपत्ति के बाद उसे भी हटा दिया है। कई हिंसक दृश्यों पर कैंची चली है। तीन जगहों पर गला काटने, हाथ काटने और गुंडों को तलवारों से काटकर मार डालने वाले दो सीन भी अब नजर नहीं आएंगे। बता दें फिल्म में टाइगर के साथ संजय दत्त, सोनम बाजवा और हरनाज संधू की भी अहम भूमिकाएं हैं।
इसके डायरेक्टर ए हर्ष हैं, जिन्होंने 'भजरंगी' और 'वेधा' जैसी कन्नड़ फिल्में बनाई हैं। इस बीच फिल्म के मेकर्स ने रिलीज से एक दिन पहले आज गुरुवार (4 सितंबर) को फिल्म का गाना ‘मरजाना’ रिलीज कर फैंस को सरप्राइज दिया है। टाइगर ने इंस्टाग्राम पर गाने का वीडियो शेयर किया है। इस गाने को बी प्राक ने अपनी दमदार आवाज दी है। टाइगर ने कैप्शन में लिखा, “हर लफ्ज में दर्द, हर सुर में मोहब्बत…B Praak की आवाज में #Marjaana हमेशा के लिए आपके साथ रहेगा, गाना रिलीज। ‘एडवांस बुकिंग अभी शुरू! बागी 4 कल सिनेमाघरों में रिलीज!”














