बिहार चुनाव 2025: तेज प्रताप यादव का आत्मविश्वास भरा दावा, कहा - 'हमारी पार्टी जीतेगी 10 से 15 सीटें'

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। इसी बीच जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और महुआ विधानसभा सीट से प्रत्याशी तेज प्रताप यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी इस चुनाव में 10 से 15 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सोमवार (10 नवंबर 2025) को मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप ने कहा, “हम जीतेंगे… हमारी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी।”

जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि राज्य में सरकार किसकी बनने जा रही है, तो तेज प्रताप ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “देखते हैं, क्या होता है… 14 नवंबर को सब साफ हो जाएगा, उसी दिन नतीजे आने वाले हैं।”

अधिकारियों को धमकाने के आरोप पर दिया जवाब

तेज प्रताप यादव से यह भी पूछा गया कि क्या मुख्यमंत्री आवास से अधिकारियों को धमकाया जा रहा है। इस सवाल पर उन्होंने कहा, “इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।” जब उनसे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उम्र को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, “अगर उम्र गलत है, तो वे सुधारवा लें, इसमें क्या दिक्कत है?”

तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप ने कहा, “अगर तेजस्वी कह रहे हैं कि उनकी सरकार बनने जा रही है, तो बहुत अच्छी बात है। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”

तेजस्वी यादव का आरोप — “अधिकारियों को धमकाया जा रहा है”

वहीं दूसरी ओर, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सत्तारूढ़ एनडीए पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद एनडीए खेमे में हताशा का माहौल है और हार के डर से अब प्रशासनिक दबाव का खेल शुरू हो गया है। तेजस्वी ने दावा किया कि “गृह मंत्री खुद अधिकारियों को फोन कर धमकाने का काम कर रहे हैं। होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद करवा कर देर रात बैठकों में अधिकारियों को बुलाया जा रहा है।”

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आवास से, मुख्यमंत्री की जानकारी के बिना, कुछ प्रभावशाली अधिकारियों के जरिए विपक्ष समर्थित कार्यकर्ताओं को मतदान के दिन तक हिरासत में लेने और मजबूत बूथों को बाधित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

“बदलाव तय है” — तेजस्वी यादव

तेजस्वी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, “बदलाव अब निश्चित है, इसलिए अधिकारी खुद उन कॉल्स के स्क्रीनशॉट हमें भेज रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि “दो गुजराती हर कीमत पर बिहार की सत्ता पर कब्जा करना चाहते हैं, लेकिन जनता अब जाग चुकी है।”