पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पुलिस से डरकर भागते हुए तीन युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे कि उन्हें एक मालगाड़ी ने दबा दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पालघर पूर्व इलाके में पुराने जैन मंदिर के पास हुई मानी जा रही है।
मृतकों की पहचानहादसे में जान गंवाने वालों की पहचान स्वप्निल शैलेश पालांडे (23), कुणाल कुमार दुबला (23) और अफरोज खलील शेख (28) के रूप में हुई है। तीनों पालघर पूर्व के वीरेंद्र नगर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना से पहले कुछ पुलिसकर्मी मौके पर आए थे और युवकों के साथ मारपीट की गई थी। परिजनों के मुताबिक, पुलिस के डर से युवक वहां से भागे और इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
जांच शुरू, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गएघटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
मुंबई में नवंबर 2025 में हुआ था इसी तरह का हादसानवंबर 2025 में मुंबई के सैंडहर्स्ट रोड रेलवे स्टेशन पर भी एक बड़ा हादसा हुआ था। उस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से दो यात्रियों की मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई थी जब तीन महिलाएं और एक पुरुष गलत दिशा से उतरकर रेलवे पटरी पर आगे बढ़ रहे थे। इस हादसे में एक पुरुष और एक युवती की जान चली गई थी।
रेलवे ट्रैक पर हादसों की वजहरेलवे ट्रैक पर इस तरह के हादसे अक्सर सामने आते हैं। इसके पीछे मुख्य वजह लोगों द्वारा रेल सुरक्षा नियमों का पालन न करना है। कई बार यह देखा गया है कि लोग हेडफोन लगाकर गाना सुनते हुए, रील बनाने, या रेलवे ट्रैक पर शौच करते समय ट्रेन की चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते हैं।