उत्तर प्रदेश : दिनदहाड़े बच्चे की हत्या कर लाश काट रहे थे दो युवक, महिला ने देखा तो छोड़कर भागे

उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से दो युवकों द्वारा दिनदहाड़े 6 साल के बच्चे की हत्या और उसके बाद शव को काटने का मामला सामने आया है। बच्चे का नाम योगेश है. मासूम बच्चे का शव सबसे पहले देखने वाली प्रत्यक्षदर्शी महिला मल्लो देवी ने बताया कि वह दोपहर के समय वहां से गुजर रही थी। इस दौरान उसने बाइक सवार दो युवकों को देखा जो योगेश के शव को काटने का प्रयास कर रहे थे। महिला के शोर मचाने पर वे शव छोड़कर भाग खड़े हुए। उन युवकों के पास हथियार भी थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना हाईवे अंतर्गत शंकर पुरी कालोनी निवासी जयप्रकाश की पत्नी गुरुवार दोपहर अपने बड़े बेटे को स्कूल से लेने के लिए गई थी और छह वर्षीय छोटे पुत्र योगेश गोला उर्फ कृष्णा को घर छोड़ गई थी। जब वह वापस लौटी तो उसे योगेश घर पर नहीं मिला। बच्चे के घर पर न होने के कारण सभी लोग परेशान होकर उसे ढूंढ़ने लगे। तभी घर से करीब 500 मीटर दूर काफी भीड़ दिखाई दी। उन्होंने वहां जाकर देखा तो मासूम योगेश का शव वहां पड़ा हुआ था। शव देखते ही योगेश की मां बेहोश होकर गिर गई।

मिली जानकारी के मुताबिक योगेश राजमार्ग स्थित बाबा जयगुरुदेव बालक-बालिका विद्या मंदिर में पढ़ रहा था और गुरुवार को किसी वजह से स्कूल नहीं जा पाया था। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गुस्साए लोगों ने बच्चे शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया। हाईवे पर जाम लगने के बाद एसएसपी शलभ माथुर, एसपी सिटी अशोक मीणा, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर जाम लगा रहे लोगों को सात दिन में घटना का खुलासा करने का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।