देश की राजधानी दिल्ली पर आतंकी हमले का साया मंडरा रहा है। खुफिया एजेंसियों की जानकारी के अनुसार त्योहारी सीजन को देखते हुए आतंकी दिल्ली में हमले की साजिश रच रहे हैं। आतंकवादी दिल्ली और आसपास के शहरों को अपना निशाना बना सकते हैं। खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल शहर के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। यह जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने दी है। बताया जा रहा है कि जैश के चार आतंकवादी (Terrorist) इस समय दिल्ली में मौजूद हैं और उनके पास आधुनिक हथियार हैं। इंटेलिजेंस से मिली इस जानकारी के बाद दिल्ली में अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की अलग-अलग टीमें खुफिया सूचना के आधार पर शहर के अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। खासकर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं एक दिन पहले बुधवार को दिल्ली से सटे पंजाब में पुलिस ने एक आतंकी को गिरफ्तार किया था। जो बड़े हमले की तैयारी में था। इससे पहले एसआईटी ने अमृतसर से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर इनके पास से पांच एके47, दो राइफल व गोला बारूद बरामद किए थे।गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद से ही पाकिस्तान के साथ-साथ आतंकवादी संगठन बौखलाए हुए हैं। पाकिस्तान स्थिति आतंकवादी संगठन कश्मीर के साथ-साथ देश के अलग-अलग इलाकों में आतंकी हमले को अंजाम देने की फिराक में हैं। हालांकि, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता की वजह से आतंकी नापाक इरादों में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। हाल ही में पंजाब में एसआईटी को 4 ड्रोन विमान भी मिले थे जिनमें से तीन पूरी तरह से नष्ट किए जा चुके थे। ये सभी चीन निर्मित थे।