दामाद के साथ लिव इन रिलेशनशिप में थी सास, गला रेतकर कर दी हत्या

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दामाद ने अपनी सास का गला रेत कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों लिव इन रिलेशनशिप में थे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना भोपाल के अशोका गार्डन इलाके की है।

पुलिस के मुताबिक अशोक विहार कॉलोनी में शाहीन नाम की एक महिला शाहरुख खान नाम के लड़के के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। शनिवार की रात शाहीन और शाहरुख के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े की जड़ शाहीन का देह व्यापार करना बताया जाता है। शाहरूख ने शाहीन को देह व्यापार नहीं करने और इस दलदल से बाहर आने को कई बार कहा था, लेकिन उसने शाहरुख की बात नहीं मानी और इसी को लेकर हुए झगड़े में रविवार को शाहरुख ने शाहीन का गला रेत दिया। हत्या के आरोपी शाहरुख का कुछ साल पहले ही शाहीन की बेटी के साथ निकाह हुआ था। शाहरूख के निकाह के बाद अपनी सास शाहीन के साथ संबंध बन गए। शाहीन ने अपने पति से तलाक ले लिया। तलाक के बाद शाहीन अपने दामाद शाहरुख के साथ अशोका गार्डन के अशोक विहार कॉलोनी के एक फ्लैट में रहने लगी थी। पुलिस के मुताबिक शाहीन देह व्यापार में भी लिप्त थी और पिछले साल ही उसे देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था। फिलहाल पुलिस फरार शाहरुख की तलाश कर रही है। शाहरूख कई बार शाहीन को देह व्यापार से बाहर आने के लिए बोल रहा था।

शाहरुख ने हत्या करने के बाद खुद ही इसकी जानकारी अपने एक दोस्त को दी। घटना के संबंध में दोस्त को जानकारी देने के बाद वह फ्लैट से फरार हो गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस जब फ्लैट पर पहुंची तो वहां खून से लथपथ शाहीन का शव पड़ा हुआ था।