पाकिस्तान में लहराया तिरंगा, ऐसे मना आजादी का जश्न

दुनिया भर में लाखों भारतीयों ने गुरुवार को पूरे उत्साह और उमंग के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। भारत के 73 वें स्वतंत्रता दिवस पर पाकिस्तान में भी तिरंगा लहराया गया। पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास में भी भारत का स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। वहां मौजूद अधिकारी गौरव अहलूवालिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रपति के संदेश को पढ़ा। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में भारतीय मौजूद रहे। अजय बिसारिया की गैरमौजूदगी में दूतावास में गौरव अहलूवालिया ने झंडारोहण किया।

इस दौरान वहां अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चे भी मौजूद थे। वे इस मौके का लुत्फ़ उठा रहे थे। दूतावास के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट की गई तस्वीरों को अजय बिसारिया ने भी रीट्वीट किया है।

कश्मीर मुद्दे पर बौखलाए पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को भारत लौटने के लिए कहा था इसके बाद पाकिस्तान ने द्विपक्षीय व्यापार को भी निलंबित कर दिया था।