'भिक्षा' को अपनी कमाई का जरिया बताने वाली BJP सांसद प्रज्ञा सिंह भिखारियों को बांटती दिखीं 500-500 रुपये के नोट, वीडियो वायरल

अक्सर अपने विवादित बयानों से चर्चा में रहने वाली मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह (Pragya Thakur) का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह भिखारियों को 500-500 रुपये के नोट बांटती हुई दिख रही हैं। यह वीडियो सिहोर का बताया जा रहा है। इस वीडियो में गौर करने वाली बात यह है कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने चुनाव के लिए नामांकन के साथ दिए हलफनामे में उन्होंने आय का साधन 'भिक्षा ' को बताया था। अब सोचने वाली बात यह है कि अगर आपकी कमाई का जरिया 'भिक्षा है तो आप कैसे 500-500 रुपये बाट सकते है।
बता दें, पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल गौर की श्रद्धांजलि सभा में सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने विपक्ष द्वारा भाजपा के नेताओं पर मारक शक्ति के इस्तेमाल की आशंका जाहिर की थी। भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा था कि मैं जब चुनाव लड़ी, उस समय एक महाराज जी आये, उन्होंने मुझसे कहा, आप अपनी साधना को कम मत करना, साधना का समय बढ़ाते रहना, साधना कम मत करना क्योंकि बहुत बुरा समय है और जो विपक्ष है, कोई ऐसा कार्य कर रहा है, ऐसी ‘‘मारक शक्ति'' का प्रयोग कर रहा है जो भारतीय जनता पार्टी पर कर रहा है और वह भारतीय जनता पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिये है। ठाकुर ने साथ ही बताया था कि बाबा ने कहा कि यह भाजपा के कर्मठ, योग्य और ऐसे लोग जो पार्टी को संभालते हैं, उन पर असर करेगा। उनको यह हानि पहुंचा सकता है। आप निशाना हैं, इसलिए ध्यान रखिएगा। उन महाराज की बात मैंने इतनी भीड़ में चलते-चलते सुना और भूल गई। लेकिन आज यह देखती हूं कि वास्तव में हमारा शीर्ष नेतृत्व सुषमा जी, गौर जी, जेटली जी पीड़ा सहते हुए जा रहे हैं। यह देखकर मन में आया कि कहीं ये सच तो नहीं है।
हालाकि प्रज्ञा ठाकुर के इस बयान के बाद सियासत गरमा गई थी. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था कि मुझे बड़ा अफसोस है कि एक जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति ने ऐसा बयान दिया है। भाजपा को ऐसे व्यक्ति को अवसर देने पर अपने गिरेबान में झांकना चाहिये, क्योंकि देश में राजनीति का स्तर बनाये रखना बेहद महत्वपूर्ण और मुश्किल काम बन चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति का एक स्तर होना चाहिये। अगर राजनीतिक क्षेत्र या इसके बाहर का कोई भी व्यक्ति इस स्तर को नीचे गिराने की कोशिश करता है, तो इस पर तीखी प्रतिक्रिया होनी चाहिये।